
सांसद इलाहाबाद एवं फूलपुर ने क्षेत्र पंचायत जसरा में हुई अनियमितता के पश्चात चुनाव निरस्त किए जाने एवं दोषी
एआरओ तथा अन्य दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के संबंध में उप मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सोमवार को सांसद इलाहाबाद प्रो रीता बहुगुणा जोशी और सांसद फूलपुर ने क्षेत्र पंचायत जसरा में हुई अनियमितता के पश्चात चुनाव निरस्त किए जाने एवं दोषी एआरओ तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को पंचायत भवन में ज्ञापन सौंपा। सांसद जोशी ने कहा कि चुनाव के दौरान वोटिंग हो रही थी और मतपत्रों के साथ नोट मिले जिसको सीसीटीवी में देखने के बाद जिलाधिकारी ने स्वीकार किया परंतु तब तक एआरओ ने विपक्षी को विजई घोषित कर प्रमाण पत्र जारी कर दिया। सांसद ने बताया कि उक्त एआरओ ने पहले भी कई बार इस तरह की धांधली की है और कई बार जांच के दायरे में आए हैं, उन सभी की जांच रिपोर्ट भी साथ में उपमुख्यमंत्री को दी गयी है। सांसद जोशी ने कहा कि इस प्रकरण से वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अवगत कराएंगी। दोनों सांसदों ने उपमुख्यमंत्री से मांग की है कि चुनाव को निरस्त कर दोषी एआरओ के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाय।