कोरोना वैक्सीन की डोज ​कूड़ेदान में फेंकने वाली एएनएम की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने लापरवाही पूर्वक 29 डोज वैक्सीन लाभार्थियों को नहीं लगाकर दवा सहित सीरिंज फेंकने की आरोपित एएनएम निहा खान की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति राहुल चतुर्वेदी ने याची के अधिवक्ता व सरकार की तरफ से अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल व अपर शासकीय अधिवक्ता एके संड को सुनकर दिया है।
निहा खान के विरुद्ध थाना सिविल लाइन जिला अलीगढ़ में डॉ. दुर्गेश सिंह द्वारा भारतीय दंड संहिता की धारा 203, 176, 465, 427, 120 बी सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम 3/4 तथा महामारी अधिनियम धारा 3 के तहत दर्ज कराई गई है। आरोप लगाया गया है कि कोविड पोर्टल वैक्सीनेशन दौरान 29 डोज भरे सीरिंज कूड़ेदान में मिले थे। जिसकी आधार कार्ड के साथ एंट्री भी थी। इसके लिए प्रथम दृष्टया निहा खान एएनएम व डॉ. आफरीन जोहरा को दोषी मानते हुए नामजद किया गया। जमानत अर्जी में कहा गया है कि उसे राजनीतिक लाभ प्राप्त करने, स्टाफ की पार्टी बंदी के कारण ब्लैकमेल करने, दुराशय के उद्देश्य से परेशान किया जा रहा है। इसीलिए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी चिकित्साधिकारी व फार्मासिस्ट ने टीकाकरण कर्मियों को जिम्मेदार ठहराया। जांच समिति ने रिपोर्ट दी कि संविदा एएनएम ने 15 टीके लगाने का बयान दिया, जबकि उस दिन 60-70 टीके लगाए। प्रभारी चिकित्साधिकारी आफरीन जोहरा के संज्ञान में यह मामला था, लेकिन उन्होंने सीएमओ को कोई सूचना नहीं दी। इसलिए वे तथ्यों को छुपाने के दोषी हैं। सीएमओ ने आरफीन को हटाकर हरदुआगंज सीएचसी पर भेज दिया। उनकी दो साल के लिए वेतन वृद्धि भी रोक दी। वहीं निहा खान को 29 डोज लाभार्थी को न लगाकर कचरे में फेंकने का दोषी माना है। निहा की सेवा समाप्त कर दी।
आरफीन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो चुकी हैं। वहीं एएनएम निहा खान की तलाश में सबसे पहले पुलिस कासगंज गई थी। चूंकि उसके दस्तावेजों में कासगंज का पता दर्ज था। लेकिन, पुलिस कासगंज पहुंची तो पता गलत निकला। इसके बाद एटा की जानकारी मिली। वहां भी एएनएम नहीं मिली। उसके घर पर एक फोटोग्राफी की दुकान है, जो उसके पिता चलाते हैं। सर्विलांस के आधार पर प्रयागराज व लखनऊ में निहा के होने की जानकारी मिली। पुलिस वहां से भी खाली हाथ लौट आई। फिलहास पुलिस को अलीगढ़ में ही कुछ सुराग मिले हैं। माना जा रहा है कि निहा अलीगढ़ में ही छिपी हुई है। पुलिस ने निहा की तलाश तेज कर दी है।

Exit mobile version