शिक्षिका और उसकी बेटी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है

*शिक्षिका की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने स्कूल के चपरासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया*

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका और उसकी बेटी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिक्षिका की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने स्कूल के चपरासी जोगेंद्र मिश्रा के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। अभियुक्त फरार है और उसकी तलाश चल रही है। पुलिस के मुताबिक, यह शिक्षिका अतरसुइया स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाती है। उसका अपने पति से पिछले चार साल से तलाक का मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि पति से अलगाव के दौरान ही उसी स्कूल के चपरासी जोगेंद्र से शिक्षिका की नजदीकियां बढ़ गई। धीरे-धीरे वह शिक्षिका के घर पर आने जाने लगा। फिर अपने प्रेम जाल में फंसाकर शिक्षिका से शारीरिक संबंध बनाने लगा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि वह तीन साल से ऐसा करता रहा है। मगर इसी दौरान उसकी नीयत शिक्षिका की बेटी पर भी खराब हो गई। शिक्षिका ने बेटी के मोबाइल को चेक किया तो चपरासी की कारगुजारी के बारे में पता चला। मालूम हुआ कि जोगेंद्र ने शिक्षिका का तो शोषण किया ही, उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी दबाव बनाकर दुष्कर्म किया। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान होकर शिक्षिका ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी। इंस्पेक्टर कोतवाली नरेंद्र प्रसाद का कहना है कि आरोपित चपरासी साउथ मलाका का रहने वाला है। उस पर शिक्षिका और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। मुकदमा दर्ज कर तलाश चल रही है। जल्द ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version