हो रही ट्रकों से वसूली पर ट्रांसपोर्टर की शिकायत के बाद पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

शंकरगढ़ में पकड़े गए आरोपी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।प्रयागराज के संगम नगरी में अवैध वसूली का खेल चौतरफा चल रहा है। खुद सरकारी मुलाजिम वसूली कर रहे हैं तो कहीं उनकी शह पर अन्य लोग। बुधवार की रात शंकरगढ़ इलाके में ऐसे ही दो वसूली करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जो सड़कों पर खड़े होकर ट्रकों से वसूली करने में लगे रहते हैं। भुक्तभोगी की मानें तो वसूली करने वाले लोग खुद को पुलिस का शागिर्द बताकर धमकी देते थे।

शंकरगढ़ के पटहट रोड पर करते है ट्रक-ट्रैक्टर से वसूली

प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 3 गुड़िया तालाब कस्बा निवासी अंजनी त्रिपाठी पुत्र कृष्ण कांत त्रिपाठी ट्रांसपोर्टर है। उन्होंने 21 जुलाई को शंकरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके ट्रकों और ट्रैक्टरों से क्षेत्र के पटहट रोड पर जबरन अवैध वसूली की जाती है। विरोध करने पर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि वे लोग उधर से गुजरने वाले हर ट्रक व ट्रैक्टर से वसूली करते हैं। उनकी शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 251/ 221 धारा 386, 504, 507 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज की। उसके बाद क्षेत्र के चुंदवा तिराहे के पास से वसूली करने के आरोपी राजेंद्र सिंह पुत्र द्वारिका सिंह निवासी खबरा, जनेह, रीवा, मध्य प्रदेश और लवकुश सिंह पुत्र ललन सिंह निवासी पटहट, जनेह, रीवा, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष कुलदीप तिवारी ने बताया कि दोनों का चालान कर दिया गया है।

रीवा और मिर्जापुर राजमार्ग पर शाम ढलते ही सक्रिय हो जाता है पासर गैंग

प्रयागराज में ट्रकों से वसूली का खेल बहुत पुराना और व्यापक तौर पर है। यहां पर शाम ढलते ही रीवा रोड और मिर्जापुर रोड पर ट्रकों को पास कराने के लिए लग्जरी गाड़ियों से पासर गैंग फर्राटा भरते रहते हैं। हाईटेक असलहों से लैस इस गैंग के लोग रूट और ट्रैफिक की परवाह किए बगैर अपने ट्रकों को पास करवाते हैं। कभी-कभार पुलिस कार्रवाई जरूर करती है, लेकिन वह सिर्फ दिखाने के लिए होता है।

Exit mobile version