प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । भाजपा सरकार की मंत्री एवं प्रवक्ता ने देश के सम्मानित किसानों के लिए मवाली शब्द का इस्तेमाल करके अपनी और भाजपा की छिछली मानसिकता का परिचय दिया है जो घोर निन्दनीय है। उक्त आरोप लगाते हुए सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने जारी एक बयान मे कहा कि किसान इस देश के मालिक हैं, जो अपने सीने से पसीने की धार धरती पर बहाकर अन्न उत्पादन करे, वो ही इस देश का मालिक है। और भाजपा ने मालिक को मवाली कहा है। ऐसी भाषा बोलने वाली मानसिकता से मुकम्मल छुटकारा चाहिए। जनहित के कार्यों व विकास के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैया से आमजन तकलीफ मे हैं।सरकार की उदासीनता, निकम्मेपन एवं गलत नीतियों के कारण सूबे के किसान, नौजवान, छात्र, महिलायें, मजदूर, व्यापारी तथा प्रत्येक मध्यमवर्गीय परिवार तकलीफ मे हैं l नरेन्द्र सिंह ने पूर्ववर्ती सपा सरकार की जन हितैषी योजनाओं की याद दिलाते हुए कहा कि प्रदेश की बिगड़ी हालात पुन: सुधारने एवं भाजपा की छिछली मानसिकता एवं ओछी राजनीति से छुटकारा पाने के लिए प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से अखिलेश यादव की सरकार बनाने का मन बना लियाहै।