चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव एवं आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव

मन कहता है इस धरती पर हम सब ले शत बार जनम ,फांसी का फंदा हम चूमें कहकर वंदे मातरम

( विनय मिश्रा )। प्रयागराज चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव एवं आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव के क्रम में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित ऑनलाइन सांस्कृतिक कार्यक्रम आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के महर्षि दयानंद सभागार में संपन्न हुआ l उक्त कार्यक्रम में प्रयागराज मंडल से 4 जिलों के कलाकार दल ने कारगिल विजय दिवस पर आधारित गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया l कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अतुल यदुवंशी राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय लोक कला महासंघ एवं अध्यक्षता कर रहे पंकज जायसवाल अध्यक्ष शासी निकाय आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के कर कमलों द्वारा हुआ l इस अवसर पर अतुल यदुवंशी ने कहा कि क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज मंडल, एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश का आभार व्यक्त करता हूं कि ऐसे महामारी के दौर में जब सभी गतिविधियां रुकी हुई है संस्कृति विभाग ने कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए इस कार्यक्रम का सूत्रपात करके एक शानदार कदम उठाया है और कला तथा कलाकारों के उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है l कार्यक्रम का शुभारंभ प्रयागराज के कलाकार मनोज गुप्ता द्वारा हुआ उन्होंने “मन कहता है इस धरती पर हम सब ले शत बार जनम ,फांसी का फंदा हम चूमें कहकर वंदे मातरम” सहित कई देश भक्ति गीत प्रस्तुत करके जोश भर दिया l तत्पश्चात उनकी साथी कलाकार ज्योति आनंद ने “ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी” एवं कीर्ति चौधरी ने “ऐ मेरे प्यारे वतन तुझ पर दिल कुर्बान” प्रस्तुत करके मंत्रमुग्ध कर दिया, उसके बाद शीतला प्रसाद शर्मा प्रतापगढ़ ने लोक गीत के माध्यम से कव्वाली तर्ज पर “हर एक घुसपैठियों को अपनी उंगली पर नचाएंगे” प्रस्तुत करके कारगिल विजय दिवस की याद दिला दी, उसके बाद कौशांबी से पधारे अशोक रसिया ने “दुनिया में पावन मोर देसवा निराला सोने के चिरैया मोर देशवा कहाला” अंत में भदोही से पधारे वीर बहादुर यादव ने “शहीदों को श्रद्धा सुमन दे रहे हैं” प्रस्तुत करके भाव विभोर कर दिया l कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की प्राचार्या डॉo रमा सिंह, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के संगीत की प्रवक्ता डॉo रंजना त्रिपाठी, ममता गुप्ता का सहयोग सराहनीय रहा l प्रयागराज मंडल के प्रभारी अमित अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में संपन्न हुए कार्यक्रम का संयोजन कार्तिकेय गुप्ता एवं दीपक मिश्रा ने तथा कुशल संचालन कमलेश चंद्र यादव ने किया l

Exit mobile version