
( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । जिले में मात्र 48 घंटे के भीतर हुई 8 हत्याओं को लेकर समाजवादीपार्टी के जिला अध्यक्ष योगेश चन्द्र यादव के नेतृत्व में सपाईयों के प्रतिनिधि मंडल ने आज आई जी जोन कवीन्द्र प्रताप सिंह से मिलकर आक्रोश जताया और मांग किया कि इन वारदातों का खुलासा कर हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएं, वर्ना सपा के लोग सड़क पर उतर कर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए बाध्य होंगे l सपा नेताओं ने जनपद में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि महज 48 घंटे में यमुनापार में 5 एवं गंगापार में 3 हत्याएं हो गई । पुलिस का खौफ पूरी तरह से खत्म हो चुका है जिसका नतीजा यह है कि कौधियारा थाना क्षेत्र के कठौली गांव में सोनू यादव की हत्या दबंगों द्वारा सिर्फ इसलिए कर दी गई कि उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी से संबंधित गाना बजाया था । इसी तरह से मेजा में अबोध बच्ची, सहित 3 अन्य, खीरी में महिला के साथ दुराचार के बाद हत्या, सोराव में दंपति की धारदार हथियार से हत्या, हंडिया क्षेत्र के सैदा बाद में युवक की लाश कुए में मिली । ऐसी तमाम वारदातों से पूरे जनपद में दहशत का माहौल है । सपा नेताओं ने कौधियारा के सोनू यादव के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग की है l सुरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस दिए जाने, हत्यारों को जेल भेजे जाने की मांग करते हुए जनपद की सभी घटनाओं का शीघ्र पर्दाफ़ाश करने और कानून व्यवस्था तत्काल ठीक करने की मांग की है।
सपा नेताओं ने बताया कि सोनू यादव के परिजन आज भी दहशत में है l दबंगों ने जिस तरह से दिन दहाड़े लाठियों से पीटकर मारा, कानून के लिए खुली चुनौती है l