व‍कील राजेश हत्याकांड का खुलासा, तीन शार्प शूटर गिरफ्तार

इलाहाबाद । कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मनमोहन पार्क के पास 10 मई को कचहरी जा रहे वकील राजेश श्रीवास्‍तव की हत्‍या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड के मामले में खुलासा करते हुए प्रतापगढ़ से तीन शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक विशाल ने ही राजेश श्रीवास्‍तव को गोली मारी थी. वहीं उसका एक अन्‍य साथी रईस उस समय बाइक चला रहा था. पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि वकील राजेश श्रीवास्‍तव की हत्‍या के पीछे क्राउन प्‍लाजा होटल के मालिक प्रदीप जायसवाल का हाथ था. प्रदीप ने राजेश की हत्‍या नगर निगम के नाले पर अवैध कब्‍जे के विरोध में करवाई थी. पुलिस ने मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है. अभी भी दो आरोपी फरार हैं.


पुलिस ने सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा करते हुए बताया कि जेल में बंद होटल मालिक प्रदीप जायसवाल के करीबी घनश्‍याम अग्रहरि और अंजनी लाल ने राजेश श्रीवास्‍तव की हत्‍या के लिए शूटरों का इंतजाम किया था. पुलिस ने यही भी बताया कि अंजनी लाल श्रीवास्‍तव छोटा राजन और श्‍लोक पंडित का करीबी है. अंजनी लाल श्रीवास्‍तव ने ही शमशाद के जरिये ही शूटरों को वकील राजेश श्रीवास्‍तव की हत्‍या की सुपारी दी थी. पुलिस ने शूटर विशाल के पास से .315 बोर के दो तमंचे, दो खोखे, 6 जिंदा कारतूस और 3 मोबाइल बरामद किए.

पुलिस के मुताबिक हत्‍याकांड में प्रतापगढ़ से पकड़े गए शूटर विशाल ने ही राजेश को गोली मारी थी. उस दौरान उसका साथी शूटर रईस बाइक चला रहा था. अंजनी लाल श्रीवास्‍तव के जरिये ही शूटरों को तीन लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि राजेश श्रीवास्‍तव को गोली मारने के लिए शूटरों को तीन दिन का समय लगा. तीन दिनों तक शूटर राजेश श्रीवास्‍तव को गोली मारने के लिए कई कोशिशें की. लेकिन वह सफल नहीं हो पाए. शमशाद लगातार तीन दिनों तक राजेश श्रीवास्‍तव के घर के बाहर से मुखबिरी कर रहा था.

Exit mobile version