एमएनएनआईटी: गरीब मेधावियों को देंगे लैपटॉप की सौगात

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) से बीटेक कर रहे आर्थिक तौर पर कमजोर और मेधावी छात्रों को पुरा छात्रों ने लैपटाप देने का बीड़ा उठाया है। संस्थान पुरा छात्रों के सहयोग से बीटेक द्वितीय वर्ष के 21 छात्र-छात्राओं को 15 अगस्त को लैपटाप वितरित करेगा। लैपटाप के लिए चयनित छात्रों को बुलावा भेजा जा रहा है। उन्हें लैपटाप लेने परिसर में आना होगा।
कोरोना काल में आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके परिवारों के बच्चों को संस्थान की ओर से लैपटॉप देने का निर्णय लिया गया है। एमएनएनआईटी के रजिस्ट्रार डॉ. सर्वेश तिवारी ने बताया कि पुरा छात्रों के सहयोग से संस्थान बीटेक द्वितीय वर्ष के उन बच्चों को लैपटॉप देगा, जिनके परिवार की सालाना आय एक लाख से कम है। इसके लिए गरीबी के साथ पात्रता रखने वाले बीटेक प्रथम वर्ष के एकेडमिक स्कोर का भी मूल्यांकन किया जाएगा। फिलहाल अभी उक्त कैटेगरी में आने वाले 21 छात्र-छात्राएं लाभ पा सकेंगे।

*10 गरीब मेधावियों का खर्च उठाएंगे पुरा छात्र*

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पुरा छात्रों की ओर से संस्थान के गरीब मेधावी छात्रों को फीस जमा करने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी। पुरा छात्र बीटेक की पढ़ाई कर रहे निर्धन भावी टेक्नोक्रेट्स की एक वर्ष की पढ़ाई व फीस का खर्च उठाएंगे। यह व्यवस्था संस्थान के पुरा छात्रों की ओर से अनवरत चलाने की तैयारी है। हर साल दस नए छात्रों का चयन स्कॉलरशिप के लिए होगा।

Exit mobile version