
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को तबीयत खराब होने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है. एम्स की पीआरओ डाॅ. आरती विज ने बताया कि 49 वर्षीय उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया और मस्तिष्क में घाव के चलते उनकी सर्जरी की जा सकती है. उन्होंने बताया कि फिलहाल वह कार्डिओ न्यूरो सेंटर के निजी वार्ड में भर्ती हैं. मौर्य की हालत स्थिर है और वह होश में हैं. चिकित्सकों का दल उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं.
उनका इलाज न्यूरो सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एसएस काले के नेतृत्व में चल रहा है. यह भी जानकारी सामने आ रही है कि एक-दो दिनों में उनकी सर्जरी भी हो सकती है. बताया जा रहा है कि उन्हें शनिवार को दोपहर में एम्स में लाया गया था.
बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी का सबसे बड़ा ओबीसी चेहरा केशव प्रसाद मौर्य हैं. बीजेपी को यूपी में प्रचंड जीत दिलाने में केशव प्रसाद मौर्य की बड़ी भूमिका रही है. अमित शाह की चुनावी रणनीति को अमल में लाने के लिए केशव प्रसाद ने जमीन-आसमान एक कर दिया. जिसका फल बीजेपी को यूपी में 312 सीटों के रूप में मिला