
( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हंडिया व अंदावा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लोक निर्माण विभाग यहां फोरलेन मार्ग बनाएगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी। फोरलेन बनने से आवागमन में सुविधा के साथ व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
हंडिया से अंदावा तक सुगम आवागमन के लिए पीडब्ल्यूडी ने फोरलेन मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। 22.4 किमी वाले इस मार्ग को फोरलेन बनाने में 298 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। कुल बजट की पांच प्रतिशत राशि विभाग को प्राप्त हो चुकी है। अगस्त के अंत से निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। अधीक्षण अभियंता एके द्विवेदी के अनुसार, हंडिया से अंदावा जाने वाले मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। शासन से इसकी मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। महीने के अंत से निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी फोरलेन निर्माण प्रक्रिया की शुरुआत बिजली, टेलीफोन लाइन को हटाने से करेगा। इसके बाद मार्ग को चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। मार्ग के दोनों ओर पेड़ को भी हटाया जाएगा। इसकी रूपरेखा विभाग की ओर से तय की जा रही है।