बैक आफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में सुबह अचानक लगी आग

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शहर में जार्जटाउन थाना क्षेत्र स्थित बैंक आफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में आज सुबह अचानक आग लग गई। आस पास के लोगों ने जिस बिल्डिंग में बीओबी का आफिस है, उसमें से धुआं निकलता देख तत्‍काल पुलिस और फायर बिग्रेड को दी। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने वहां पहुंच कर मशक्‍कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। अंदर रखे फर्नीचर, एसी व कंप्‍यूटर आदि जले हैं। सूचना पर बैंक के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

*जार्जटाउन के टैगोर टाउन में है बीओबी का क्षेत्रीय कार्यालय*

जार्जटाउन थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन मोहल्ले में बंसी भवन के सामने द्वारिका भवन है। द्वारका भवन की दूसरी मंजिल पर बैंक आफ बड़ौदा का क्षेत्रीय कार्यालय है। बताया जाता है कि बुधवार सुबह करीब चार बजे कार्यालय से धुआं उठने लगा। फिर देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगी। आसपास के लोगों ने तत्‍काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही जार्जटाउन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए 20 अग्निशमन कर्मचारी और आठ फायर टैंकर बुलाने पड़े। सीएफओ समेत कई अफ़सर भी पहुंचे और तेजी से आग बुझाने का प्रयास करते रहे। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार्यालय में रखे फर्नीचर, कंप्यूटर, एसी व अन्य उपकरण जलकर खाक हो चुके थे। बैंक के सहायक अग्रणी प्रबंधक बिलाल अहमद कहना है कि बीमा कर्मचारी हुए नुकसान का आकलन करेंगे। उसके बाद यह साफ होगा कि कितने का नुकसान हुआ है । मगर लाखों रुपये का अनुमान लगाया गया है।

मुख्‍य अग्निशमन अधिकारी बोले- शार्ट सर्किट से लगी आग

उधर मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडे का कहना है कि फौरी तौर पर तो यही लग रहा है कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।

Exit mobile version