
कल्याण सिंह की श्रद्घाजलि सभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने गए थे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
( अनुराग शुक्ला ) लखनऊ ( अनुराग दर्शन समाचार )। सपा संरक्षक, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को सपा में शामिल होने का आफर दे डाला। मुलायम ने कहा कि सपा में शामिल हो जाओ बहुत आगे तक जाओगे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के लिए मंगलवार को गोमतीनगर विस्तार में आयोजित शोक सभा में शामिल होने के लिए स्वतंत्र देव आमंत्रण देने मुलायम सिंह यादव के आवास पहुंचे थे। स्वतंत्र देव सिंह ने मुलायम सिंह यादव का हाल-चाल लेने के साथ ही श्रद्घांजलि सभा के बारे मे जानकारी देते हुए उन्हें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुलायम ने स्वतंत्र देव सिंह से बातचीत करते हुए अपने स्वास्थ्य के बारे में बताया। साथ ही स्वतंत्रदेव सिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तुम मेहनत कर रहे हो। मैने पहले भी कई बार कहा आज फिर कह रहा हूं। सपा में आ जाओ। काफी आगे तक जाओगे। मुलायम के प्रस्ताव पर स्वतंत्रदेव मुस्कराये। स्वतंत्रदेव मुलायम के घर से निकले तो इस मुलाकात के राजनीतिक निहितार्थ निकाले जाने लगे। स्वतंत्र देव ने ट्वीट कर नेताजी से मुलाकात की जानकारी दी। वहीं न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर मुलायम और स्वतंत्र देव की बातें ब्रेकिंग न्यूज बन गयी।