इलाहाबाद संग्रहालय में जल्द बनेगी आजाद गैलरी

( अनंत पांडेय) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इलाहाबाद संग्रहालय में प्रस्तावित आजाद गैलरी के जल्द निर्माण की बात कही है। लेकिन आजाद गैलरी को मूर्तरूप देने वाले लोग उसके प्रति फिक्रमंद नहीं दिखते। यही कारण है आजाद गैलरी का तीन साल में अभी तक 50 फीसदी कार्य ही पूरा हुआ है। लगभग आठ करोड़ की लागत से बनने वाली यह गैलरी कब तैयार होगी इसकी कोई तिथि तय नहीं है। हालांकि संग्रहालय के निदेशक डॉ. सुनील गुप्ता का कहना है कि आजाद गैलरी जुलाई, 2022 तक तैयार हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने 28 अगस्त को जलियांवाला बाग के पुनर्निर्मित स्मारक के लोकार्पण समारोह में कहा थी कि इलाहाबाद संग्रहालय में देश की पहली आजाद गैलरी जल्द पूरी हो जाएगी। निदेशक के अनुसार आजाद गैलरी की डिजाइन नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम ने तैयार किया था। पहले की डिजाइन में 6 हजार स्कवायर फीट का सेंट्रल हॉल भी शामिल था, लेकिन अब दोबारा डिजाइन बन रही है। साइंस म्यूजियम से संशोधित डिजाइन मिलने पर कार्य शुरू होगा। आजाद गैलरी का अभी तक ढांचा बना है। कक्ष में एसी लग गई है फर्श और लाइटिंग को सही करना है।
प्रदेश के पूर्व राज्यपाल व संग्रहालय समिति के अध्यक्ष रहे रामनाईक ने संस्कृति मंत्रालय की ओर से बनने वाली आजाद गैलरी की सैद्धांतिक मंजूरी दिसंबर 2018 में दी थी। राज्यपाल ने उस समय जनमानस से स्वेच्छा से ऐतिहासिक दस्तावेजों को दान करने की अपील भी की थी। मार्च 2021 में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी संग्रहालय आगमन पर आजाद गैलरी को पूरा करने का निर्देश दिया था।

Exit mobile version