11 सितंबर को प्रयागराज पहुंचेंगे महामहिम राष्ट्रपति

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के संभावित आगमन को लेकर पुलिस ने भी तैयारी शुरू कर दी है।

राष्ट्रपति बमरौली एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरेंगे

सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम और रूट चार्ट तैयार किया जाने लगा है। ताकि आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम जारी होने के बाद तैयारियों में किसी तरह की असुविधा नहीं हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महामहिम के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति बमरौली एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2 दिन संगम नगरी में बिताएंगे। वह 11 सितंबर को प्रयागराज पहुंचेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति इलाहाबाद हाईकोर्ट के 600 करोड़ की लागत से बनने वाले अधिवक्ता चैंबर व नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। अगले दिन 12 सितंबर को कुछ और कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उसी दिन वापस लौट जाएंगे।इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि 11 सितंबर को हाईकोर्ट के अधिवक्ता चैंबर व नेशनल यूनिवर्सिटी के शिलान्यास कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ-साथ भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमन्ना भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएन भंडारी भी मौजूद रहेंगे।

Exit mobile version