नेशनल डेस्क। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने अपने नए संगठन अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद का ऐलान कर दिया है. प्रवीण तोगड़िया के अनुसार इस नए संगठन को लेकर वह मंगलवार को ही अयोध्या पहुंचेगे. यहां संतों से आर्शीवाद लेंगे. मंगलवार को लखनऊ पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के विशेषज्ञ वकीलों की सहायता से श्रीराम जन्मस्थान मंदिर विधेयक 2018 बनाया है, जिसे वह राष्ट्रहित में जारी कर रहे हैं.
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि केंद्र सरकार सोमनाथ की तर्ज पर कानून बनाकर अयोध्या में राम मंदिर बनाए. भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रस्ताव में पास किया था. यही नहीं भी चुनाव में घोषणा पत्र में इसे शामिल किया. 2014 से पूर्ण बहुमत की सरकार है. तोगड़िया ने कहा कि मैंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बड़े अधिकारियों के साथ बैठकर संसद में कानून की मांग की. संतों ने प्रधानमंत्री से संसद में कानून बनाने को लेकर मुलाकात की. लेकिन प्रधानमंत्री ने संतों की बात नहीं मानी.
उन्होने कहा कि आज 4 साल हो गए. 4 साल में राम मंदिर के लिए संसद में कानून नहीं बना. यह हिंदुओं के साथ विश्वासघात है. भगवान राम के साथ विश्वासघात है. तोगड़िया ने कहा कि हो सकता है मेरे बड़े भाई नरेंद्र मोदी को विदेश घूमने के कारण संसद में कानून बनाने का समय नहीं मिल रहा होगा. इसलिए हमने संतों के आशीर्वाद से सुप्रीम कोर्ट के बड़े अधिवक्ताओं द्वारा राम मंदिर निर्माण के कानून का प्रस्ताव बनाया है. इसे मैं आज रिलीज कर रहा हूं. इसे हम अयोध्या में भगवान रामलला के चरण में रखेंगे.
तोगड़िया ने कहा कि हिन्दू कानून ड्राफ्ट लेकर 10 करोड़ हिन्दू, 20 करोड़ हिन्दुओं के घर जाएंगे. उनका हस्ताक्षर लेंगे. तोगड़िया ने कहा कि सरकार को चार महीने का समय है. अगर अक्टूबर तक मंदिर नही बना तो यहीं लखनऊ से अयोध्या के लिए कूच करेंगे.