
( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों का परिसर एक अक्टूबर से गुलजार होगा। परास्नातक सम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए एक अक्तूबर से परिसर खुलेगा। इसी दिन से पीजी द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाएं ऑफलाइन मोड में चलेगी। इस बाबत रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने सोमवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके अलावा शोधार्थियों को परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। हलांकि स्नातक और पीजी तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के लिए अभी निर्णय नहीं हो सका है। पीआरओ डॉ. जया कपूर ने बताया कि एक अक्टूबर से परास्नातक प्रथम और चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाएं ऑफलाइन मोड में शुरू हो जाएंगी। हालांकि, तृतीय सेमेस्टर की कक्षाएं अभी ऑनलाइन ही संचालित की जाएंगी। इसी के साथ परास्नातक पाठ्यक्रम के अलावा शोधार्थियों को हॉस्टलों में भी प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह को निर्देशित किया गया है कि वह कोविड प्रोटोकाल के तहत हास्टलों में छात्रों को प्रवेश दें। छात्रों को निर्देश दिया गया है कि ऑफलाइन कक्षाओं के दौरान वह फिजिकल डिस्टेंसिंग और मास्क का उपयोग करें। पीजी सम सेमेस्टर के छात्रों और शोधार्थियों के लिए केंद्रीय पुस्तकालय भी एक अक्तूबर से खोला जाएगा। पीआरओ ने बताया कि छात्रों के लिए वैक्सीनेशन अनिवार्य है। प्रवेश से पूर्व गेट पर उन्हें आईकार्ड के साथ वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र दिखाना होगा।