मदद के बहाने महिला के साथ गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार

बुलंदशहर। बुलंदशहर में रास्ता भटकी एक महिला से मदद के बहाने गैंगरेप करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मामले में बुलंदशहर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है.

पुलिस के मुताबिक महिला दिल्ली से बागपत अपने घर जा रही थी लेकिन गलत बस में बैठने की वजह से वह बुलंदशहर के सिकंद्राबाद जा पहुंची. यहां उसने कुछ लोगों से बागपत जाने के लिए रास्ता पूछा. महिला के मुताबिक चार लोगों ने उसे बागपत पहुंचाने के नाम पर एक खाली पड़े मकान में ले गए, जहां तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया.

अपने साथ हुई इस दरिंदगी के बाद महिला ने पुलिस थाने में शिकायत की, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों का भी मेडिकल कराया जा रहा है. मामले में तफ्तीश जारी है.

Exit mobile version