बिजली के मीटर में गड़बड़ी करने वाले गिरोह के सरगना पुलिस के शिकंजे में

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बिजली के मीटर में गड़बड़ी करने वाले गिरोह के सरगना को मंगलवार दोपहर प्रवर्तन दल की टीम ने मुट्ठीगंज से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 347 मीटर, हाई फ्रिक्वेंसी मशीन समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि बरामद मीटरों को उसने विभाग से ही चोरी किया था। इसमें और कौन-कौन लिप्त है, इस बारे में भी उसने प्रवर्तन दल को जानकारी दी। हालांकि, बताए गए नामों को प्रवर्तन दल ने उजागर नहीं किया है, लेकिन पूरी संभावना है कि इसमें कई लोग अभी गिरफ्तारी होंगे। विभाग को कुछ दिनों से जानकारी मिल रही कि बिजली के मीटर में कुछ लोगों द्वारा गड़बड़ी की जा रही है। इससे बिजली विभाग को करोड़ों की चपत लग रही है। उन्होंने इस पर नजर रखनी शुरू कर दी। मंगलवार को प्रवर्तन दल के प्रभारी व बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मुट्ठीगंज में रहने वाले राहुल गुप्ता उर्फ विपिन के घर पर दबिश दी गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर बोरे में भरकर रखे 347 मीटर और हाई फ्रिक्वेंसी मशीन समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए।

Exit mobile version