इविवि: दीक्षांत समारोह अब आठ नवंबर को

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह अब आठ नवंबर को होगा। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान होंगे। समारोह में शैक्षिक सत्र 2018-19 और 2019-20 के मेधावियों को पदक और डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही समारोह में जाने-माने गीतकार गुलजार को डीलिट की मानद उपाधि भी दी जाएगी। इसके अलावा मेघनाद साहा और द्रोणाचार्य अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी विश्वविद्यालय की पीआरओ डॉ. जया कपूर ने दी है।
बता दें, दीक्षांत समारोह पहले 23 सितंबर को प्रस्तावित था। इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गईं थीं। इसी बीच पीआरओ की तरफ से सूचना जारी किया गया कि मुख्य अतिथि इविवि की चीफ रेक्टर यानी सूबे की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की व्यस्तता के चलते समारोह स्थगित कर दिया गया। शुक्रवार को उन्होंने बताया कि अब स्थगित किया गया समारोह आठ नवंबर को होगा।
पीआरओ ने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने समारोह में शामिल होने की सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में दो साल के तकरीबन साढ़े पांच छात्र-छात्राओं को पीएचडी की डिग्री अवार्ड की जाएगी। इसके साथ तकरीबन 326 मेधावियों को विविध प्रकार के मेडल से नवाजा जाएगा। डॉ. कपूर ने बताया कि पूर्व में यह भी निर्णय लिया गया है कि समारोह का लाइव प्रसारण भी यू-ट्यूब पर किया जाएगा।

Exit mobile version