
कब्जे से कुल 21.817 किलो सफेद धातु के गहने व 95 ग्राम पीली धातु के गहने बरामद
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रयागराज के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध व पुलिस अधीक्षक यमुनापार के मार्गदर्शन में एस0ओ0जी0 टीम यमुनापार व थाना मेजा पुलिस द्वारा घुमन्तू जाति केअन्तर्राज्यीय चोरों के गिरोह के 09 सकिय सदस्यों व उनके साथ चोरी के गहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले 01 अभियुक्त कुल-10 अभियुक्तों को थाना मेजान्तर्गत पनासा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। जिनकी कब्जे से कुल 21.817 किलो सफेद धातु के गहने व 95 ग्राम पीली धातु के गहने बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा पूछताछ में बताया गया कि ये लोग शाहजहांपुर के रहने वाले हैं और घूम-घूम कर डेरा डाल कर जीवन यापन करते हैं। ये लोगों को जिस प्रदेश व शहर में चोरी करनी होती है। वहीं अपना डेरा डाल देते हैं और अपने डेरे के आस-पास 20-25 किलोमीटर की दूरी तक कस्बों एवं बाजारों में घूम-घूम कर कबाड बीनने के बहाने ज्वैलरी की दुकानों या घरों की रेकी करते हैं। फिर योजना तैयार करके रात्रि में शटर तोड़कर या सेन्ध लगाकर चोरी कर लेते हैं और रातों-रात अपना डेरा लेकर वहां से कहीं
दूसरे जिले या दूसरे प्रदेश में जाकर डेरा डालकर रहने लगते हैं। इन लोगों से जो गहने
बरामद किए हैं, उनमें से कुछ गहने हम लोग बिहार के गया जिले व बिहार शरीफ रेलवे
स्टेशन के पास से पिछले सप्ताह चोरी किये थे। चोरी करने के बाद अपना डेरा लेकर प्रयागराज आ गए। कुछ गहने प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में जनवरी-मार्च में की गयी चोरियों के हैं। इन लोगो ने चोरी किये गये गहनों को इलाहाबाद के बादशाही मण्डी में एक दुकानदार को दे देते हैं। जो गहनों को गलवाकर उसको बेचकर हम लोगों को अच्छी कीमत देता है।