इविवि: अब मासिक टेस्ट नहीं, सीधे देंगे वार्षिक परीक्षा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) समेत संघटक कालेजों में प्रोन्नत किए गए स्नातक छात्र-छात्राओं के लिए यह खबर है। ऐसे विद्यार्थियों का विभाग स्तर पर होने वाला मासिक टेस्ट अब नहीं कराया जाएगा। अब वह सीधे वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह ने दी है।
दरअसल, तीन महीने में होने वाली इस परीक्षा का आगाज 20 से 30 अक्टूबर के बीच होना था। अंतिम परिणाम में इसी को आधार मानने की निर्णय लिया गया था। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर रमेंद्र कुमार सिंह की तरफ से सभी विभागाध्यक्षों को पत्र भेजकर इससे अवगत भी करा दिया गया था। पूर्व में विभागाध्यक्षों को भेजे गए पत्र के मुताबिक, कुलपति के निर्देश पर स्नातक पाठ्यक्रम के तहत बीए, बीएससी, बीकाम और बीएससी होम साइंस द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को तीन महीने तक विभाग स्तर पर एक टेस्ट देना होगा और यह टेस्ट आनलाइन होगा। पहला टेस्ट 20 से 30 अक्टूबर, दूसरा 10 से 18 दिसंबर और तीसरा टेस्ट 10 से 18 फरवरी के बीच टेस्ट कराया जाएगा। इसके बाद विभाग तीन में से दो बेहतर टेस्ट परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। फिर इसी परिणाम को आधार मानकर अंतिम तौर पर परिणाम घोषित कर मार्कशीट जारी की जाएगी। प्रयोगात्मक परीक्षा और वाइवा केवल आनलाइन होगा। यह व्यवस्था कोरोना की वजह से सिर्फ चालू सत्र 2021-22 के लिए ही मान्य होगी। हालांकि अचानक परीक्षा नियंत्रक की तरफ से सूचना जारी कर कहा गया कि अब मासिक टेस्ट नहीं कराए जाएंगे।

Exit mobile version