
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। दुर्गा पूजा के बाद प्रतिमा विसजर्न के लिए संगम क्षेत्र में तालाब बनाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद सिंचाई विभाग बाढ़ प्रखंड के इंजीनियर विसर्जन के लिए तालाब निर्माण को लेकर असमंजस में है।हाईकोर्ट ने संगम क्षेत्र स्थित काली सड़क पर विसर्जन के लिए तालाब बनाने का आदेश दिया है। प्रशासन के निर्देश पर सिंचाई विभाग विसर्जन के लिए अंदावा में तालाब का निर्माण करा रहा है। हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद भी रविवार को पूरे दिन अंदावा में तालाब का निर्माण जारी रहा।वही
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में फिलहाल प्रशासन ने सिंचाई विभाग को किसी तरह का निर्देश नहीं दिया। सिंचाई विभाग के एक इंजीनियर ने बताया कि प्रशासन से कोई निर्देश नहीं मिला है। अब अगर निर्देश मिलता भी है तो संगम क्षेत्र में चार दिन के अंदर तालाब बनाना संभव नहीं है। इंजीनियर के अनुसार संगम क्षेत्र में पानी हटने के बाद भी तालाब बनाने की स्थिति ही नहीं है। इस प्रकरण पर प्रशासन से स्पष्ट निर्देश नहीं मिलने के कारण इंजीनियर उहापोह में हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर एडीएम सिटी मदन कुमार ने कहा कि हाईकोर्ट ने जहां कहा है वहीं तालाब में विसर्जन कराया जाएगा। एडीएम सिटी के मुताबिक नदी को भी प्रदूषण से बचाना है।