के एन काटजू इंटर कॉलेज से आउट हुआ पेपर

स्पेशल टास्क फोर्स ने प्रिंसिपल को किया गिरफ्तार

प्रिंसिपल ने बेटी को पास कराने को आउट किया पेपर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रदेश में रविवार को एडेड जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती परीक्षा का पेपर आउट हो गया है। यह पेपर प्रयागराज के केएन काटजू इंटर कॉलेज से आउट हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स ने प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ हो रही है। उधर, गंगापार के कुछ परीक्षा केंद्रों पर पेपर हाउट होने की अफवाह होने से परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया।

*प्रिंसिपल ने बेटी को पास कराने को आउट किया पेपर…..*

सीओ एसटीएफ नवेंदु सिंह ने बताया कि एसटीएफ फील्ड यूनिट को खुफिया तंत्र से सूचना मिली थी कि केएन काटजू इंटर कॉलेज से शिक्षक भर्ती का पेपर आउट हो सकता है। वहां के प्रिंसिपल अपनी बेटी को परीक्षा में पास कराने के लिए पेपर आउट करने की फिराक में हैं। एसटीएफ ने सूचना पर अपना जाल बिछा दिया। जैसे ही पेपर आउट किया गया एसटीएफ ने केएन काटजू के प्रिंसिपल राम नारायण द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया।सीओ एसटीएफ नवेंदु सिंह ने बताया कि उनसे पूछताछ हो रही है। एसटीएफ यह पूछताछ कर रही है कि पेपर आउट कर उन्होंने केवल अपने पास तक ही सीमित रखा था या और भी लोगों को पेपर दिया गया। उनका मोबाइल, कम्प्यूटर कब्जे में ले लया गया है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मोबाइल की जांच कर रही है।

गंगापार में पेपर आउट होने की अफवाह पर हंगामा…….

प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र के एक माध्यमिक विद्यालय में कुछ परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र का हल दिये जाने की अफवाह फैल गई। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर हंगामा खड़ा हो गया। नारेबाजी शुरू हो गई। हालांकि मौके पर तैनात पुलिसबल ने परीक्षार्थियों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। हालाकि प्रश्नपत्र लीक होने की अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सेंटर से निकले परीक्षार्थियों में दिखा रोष…..

गंगापार के एक परीक्षा केंद्र से निकले परीक्षार्थियों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि कुछ परीक्षार्थियों को पहले से ही प्रश्नपत्र का हल दे दिया गया था। जब विरोध शुरू हुआ तो परीक्षा केंद्र के संचालकों ने जबरन कुछ लोगों की कापी छीन ली। परीक्षार्थियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि करीब आधा दर्जन से अधिक परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र का हल दे दिया गया था।

Exit mobile version