रोस्टर प्रकरण- विजिलेंस की छापेमारी से स्टेशन पर मचा हड़कंप

सीसीएम के दबाब में जांच अधिकारी मामले की लीपापोती में जुटे

पांच दर्जन से अधिक टीटीई पर गिर सकती हैं गाज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। रोस्टर घोटाले समेत अन्य अनियमितताओं की जांच कर रही विजिलेंस टीम ने प्रयागराज जंक्शन पर छापामारी कर पूछताछ की। टीम ने जंक्शन की सीआईटी लाइन में पूछताछ के बाद रोस्टर कब्जे में लेने के साथ ही टीटीई समेत अन्य रेलवे कर्मचारियों की हाजिरी चेक की। इसके बाद टीम ने लॉबी और प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंच चेकिंग शुरू की। जंक्शन पर विजिलेंस की जांच और पूछताछ से हड़कंप मचा रहा। इस दौरान विजिलेंस टीम ने आठ से दस टीटीई का बयान दर्ज किया।

*झांसी और आगरा में हुई रोस्टर की जांच*

चार दिन पहले विजिलेंस टीम ने आगरा और झांसी रेलवे स्टेशनों से कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए थे। वहां बयान दर्ज करने के बाद विजिलेंस टीम ने बुधवार और गुरुवार को प्रयागराज जंक्शन पर छापामारी की। पहले दस्तावेज खंगालने के बाद प्लेटफार्म नंबर छह पर विजिलेंस ने कई ट्रेनों में जाकर जांच की। टीटीई समेत अन्य रेलकर्मियों की ड्यूटी चेक करने के साथ ही जंक्शन पर तैनात रेलकर्मियों की ड्यूटी प्वाइंट चेक किया। विजिलेंस अधिकारी आरके सिंह, जेएन सिंह समेत छह सदस्यीय टीम ने दो दिनों की छापामारी के दौरान कई अनियमिताएं पकड़ी है।

*टीटीई के बयान हुए दर्ज*

विजिलेंस अफसरों ने बयान दर्ज किया। इससे पहले मंगलवार को भी विजिलेंस ने एक रेलकर्मी के फर्जी टीटीई से रिश्तों को लेकर जंक्शन पर छापामारी की। असल में रोस्टल मामले की जांच कर रही विजिलेंस को जंक्शन में हो रही गड़बड़ी को लेकर सूचना दी गई थी। सूत्रों का कहना है कि टीटीई की ड्यूटी वाले रोस्टर रजिस्टर, बैंक स्टेटमेंट्स, ड्यूटी लॉबी का रिकार्ड खंगालने के बाद विजिलेंस ने तीन टीटीई को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है। मामले में पूर्व सीआईटी रोस्टर का बयान दर्ज हो चुका है। बता दें कि रोस्टर पर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए सौ से अधिक टीटीई के घर बैठे वेतन-भत्ता लेने के मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय, रेल मंत्रालय समेत विजिलेंस दिल्ली तक की गई थी। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह के मुताबिक, जंक्शन पर विजिलेंस ने जांच की है। सीआईटी लाइन में कई लोगों से पूछताछ भी हुई है। कुछ और टीटी संवर्ग के कर्मचारियों से भी पूछताछ होगी।

*टीटी संवर्ग के कर्मियों पर गिरेगी गाज*

जांच अधिकारी द्वारा करीब 2 दर्जन से अधिक टीटी संवर्ग के कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। जांच में दोषी पाए गए टीटी संवर्ग के कर्मियों खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि करीब 13 टीटी ने पैसा देने की बात स्वीकार किया है। इसके अलावा 5 दर्जन से अधिक टीटी संवर्ग के कर्मी अन्य अनियमितताओं में दोषी पाए गए हैं। विजिलेंस के साथ ही विभागीय जांच भी चल रही है। हालांकि पीसीसीएम के दबाव में जांच अधिकारी मामले में लीपापोती कर रहे हैं।

Exit mobile version