प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2021-22 में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं को अब चार परीक्षाएं देनी होंगी। वार्षिक अथवा सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा से पहले अनिवार्य तौर पर तीन आंतरिक परीक्षाएं देनी होंगी।
हरेक आंतरिक परीक्षा 12.5 अंक की होगी। दो परीक्षाओं जिनमें परीक्षार्थी ने सर्वाधिक अंक हासिल किया होगा, जोड़े जाएंगे। इसके साथ ही दो आंतरिक परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र ही मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। यह प्रक्रिया इसी सत्र से लागू कर दी गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समस्त कॉलेजों को पत्र लिखा गया है। परीक्षाओं के लिए कैलेंडर जारी कर दिया गया है।
*100 अंक के होंगे सभी प्रश्न पत्र*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में सतत मूल्यांकन प्रक्रिया लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही सेमेस्टर अथवा वार्षिक परीक्षा के सभी विषयों के लिए 100 अंक के ही प्रश्न पत्र होंगे। जिसमें 25 अंक की आंतरिक परीक्षा और 75 अंक की लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा में कुल नौ प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। अति लघु उत्तरीय के तीन प्रश्न 50-50 शब्दों में देना होगा। लघु उत्तरीय के चार प्रश्नों के 200-200 शब्द लिखने होंगे। दो दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। उनके 500-500 शब्दों में उत्तर देना होगा। लिखित परीक्षा के सभी उत्तर अधिकतम 2000 शब्द में लिखना होगा। लिखित परीक्षा दो घंटे की होगी। सभी प्रश्नों के अंकों को ग्रेडिंग में परिवर्तित किया जाएगा।
*24 जनवरी से सेमेस्टर परीक्षा*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नए सत्र में परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 जनवरी से 28 फरवरी के मध्य होगी। वहीं, वार्षिक परीक्षाएं 25 अप्रैल से 31 मार्च के बीच होंगी।