
प्रयागराज में जल्द शुरू होगी शूटिंग
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी की घोषणा होते ही फिल्म निर्माता निर्देशक की निगाहें अब यूपी में फिल्म बनाने की ओर अग्रसर हैं। इसी कड़ी में मुंबई के फिल्म निर्माता निर्देशक जुबेर अली ‘जूबी’ के बैनर रैना फिल्म्स एवं जय गणेश एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन हाउस ने प्रयागराज में चार फिल्में बनाने की घोषणा की है। जिनमें से पहली फिल्म जय भैरव के लिए ऑडिशन शुरू है, बता दें कि यह फिल्म एक भोजपुरी फिल्म है जिसका निर्माण प्रयागराज में किया जाएगा। इस फिल्म को खुद जुबेर अली जूबी निर्देशित कर रहे हैं। तो वही इस फिल्म में म्यूजिक प्रयागराज के चर्चित जय गणेश डिजिटल ऑडियो स्टूडियो के म्यूजिक डायरेक्टर श्याम कमल दे रहे हैं। गुरुवार को इस फिल्म से संबंधित हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्माता-निर्देशक जुबेर अली जूबी, म्यूजिक डायरेक्टर श्याम कमल एवं फिल्म के लिरिक्स राइटर मंगला प्रसाद तिवारी ने बताया की इस फिल्म की शूटिंग बहुत जल्द प्रयागराज के विभिन्न स्थानों पर की जाएगी। म्यूजिक डायरेक्टर श्याम कमल ने यह बताया कि दर्शकों को इस फिल्म में नया म्यूजिक सुनने को मिलेगा तो वही इस फिल्म के गीतकार मंगला प्रसाद तिवारी ने भी अपने गीतों के माध्यम से इस फिल्म में चार चांद लगाने की बात कही है। गौरतलब है कि इस फिल्म के लिए गायक कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जा रहा है अन्य कलाकारों के लिए भी विभिन्न जगहों पर ऑडिशन जल्द ही लिए जाएंगे। इस फिल्म के पीआरओ हिमांशु यादव व रुपेश मौर्य मार्शल हैं।