इंटरनेट आज सभी ऑनलाइन सेवाओं के लिए रीढ़ की हड्डीः पुलिस महानिदेशक

ट्रिपल आईटी में मनाया गया साइबर सुरक्षा जागरूकता दिवस

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। इंटरनेट आज सभी प्रकार की ऑनलाइन सेवाओं के लिए रीढ़ की हड्डी है और इसने सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग, डिजिटल भुगतान, ई-शिक्षा, ई-स्वास्थ्य जैसी विभिन्न सुविधाओं को जन्म दिया है पर उससे सम्बंधित साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं। यह बातें मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डॉ राजेंद्र कुमार मिश्रा ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज में गुरुवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता दिवस पर आयोजित ऑनलाइन संगोष्ठी में कही। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा अब हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा है। हम जितने अधिक इनसे जुड़े होते हैं, तब अपनी डिजिटल पहचान की सुरक्षा करना एक चुनौती है। जितना अधिक हम साझा करते हैं, उतना ही हमें परवाह करनी चाहिए। साइबर सुरक्षा आज के डिजिटल जीवन में पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। संस्थान के नेटवर्क सुरक्षा और क्रिप्टोग्राफी (एनएससी) अनुसंधान समूह द्वारा आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा सुरक्षा विशेषज्ञों और वेब व्यवस्थापकों के लिए अब यह ध्यान रखने की विशेष बात है। हैकर्स और साइबर हमलावर अब केवल कम्पनियों और निगमों को ही नहीं, बल्कि व्यक्तियों को भी निशाना बनाते हैं।
ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो पी नागभूषण ने कहा कि अक्टूबर को विश्व स्तर पर राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। यह बेहतर साइबर सुरक्षा स्वच्छता सुनिश्चित करने और मजबूत सुरक्षा उपायों को शामिल करने की दिशा में सचेत प्रयास करने की एक पहल है। सुरक्षा को प्राथमिकता में लेना और साइबर सुरक्षित रहना सरकार, संगठनों, कर्मचारियों, उपभोक्ताओं और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ट्रिपल आईटी के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि इस अवसर पर प्रो. शेखर वर्मा, प्रो. ब्रजेंद्र सिंह और प्रो. पवन चक्रवर्ती ने भी साइबर अपराधों के विभिन्न आयामों और देश में साइबर अपराध के क्षेत्र में गहन शोध कार्य की उच्च आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कुलसचिव प्रो विजयश्री तिवारी ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा जबकि संचालन डॉ. एस वेंकटेशन ने किया।

Exit mobile version