
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पाल मार्केट के समीप शुक्रवार सुबह अनियंत्रित पिकअप से कुचलकर तीन लोगों की मौत हो गई। आधा दर्जन लोग घायल हुए है। सूचना पर पुलिस पहुंची और पिकअप चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई। हादसे में घायल चार लोगों की हालत गम्भीर होने की वजह से स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
हादसे में पूरामुफ्ती के बिहका गांव निवासी प्रदीप कुमार 55 वर्ष पुत्र अमृत लाल उर्फ मिठाई लाल, भगवानदीन कुशवाहा 60वर्ष स्वर्गीय राम अवध, नन्द किशोर 55वर्ष पुत्र मेवालाल पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में गम्भीर रूप से घायल सुजीत 40वर्ष पुत्र राम आसरे, शकील अहमद(40) पुत्र शरीफ अहमद, सुरेश उर्फ ननका 45वर्ष पुत्र राम बहादुर, हरी मोहन 45वर्ष पुत्र श्रीनाथ को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को परिवार के लोग दूसरे स्थान भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूरामुफ्ती के पाल मार्केट के मालिक डाक्टर मोहनलाल पाल का निधन हो जाने की वजह से उनके शव को बाहर रखा गया था। जिससे आस-पास के लोग उनका अन्तिम दर्शन करने के लिए लोग एकत्र हुए थे। महिलाएं जमीन पर बैठी हुई थी, अन्य लोग वहां बैठे एवं खड़े थे। शुक्रवार सुबह लगभग पौने आठ बजे एक अनियंत्रि पिकअप कई वाहनों को टक्कर मारते हुए भीड़ में घुस गई। हादसे में उक्त तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन चालक एवं उसमें सवार तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई। जहां से चार लोगों की हालत नाजुक होने की वजह से स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर निदेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई और चार लोग घायल हुए है। परिजनों की तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।