
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। एक्सिस बैंक में आठ लाख रुपये की टप्पेबाजी और अधिवक्ता से तीन लाख रुपये की सरेराह लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस और एसओजी ने गिरोह के सरगना पुष्पेंद्र यादव व उसके साथी मनोज यादव, रविंद्र ग्वाल, अनूप ग्वाल को गिरफ्तार किया है। जबकि विशाल यादव, राजीव यादव और दिलीप यादव अभी फरार हैं। बदमाशों ने इन दो घटनाओं में 11 लाख रुपये उड़ाए थे, लेकिन पुलिस महज पौने तीन लाख रुपये और चोरी की तीन बाइक ही बरामद कर सकी है।
इस गिरोह के सदस्य असलहों का इस्तेमाल नहीं करते हैं। एक सप्ताह पहले प्रयागराज में आने के बाद बदमाशों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के स्टैंड में अपनी बाइक खड़ी की। फिर ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन पहुंचकर गुरूकृपा होटल में फर्जी आइडी लगाकर रुके थे। अगले दिन तीन फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक लेकर बैंक पहुंचकर रेकी की। जब अधिवक्ता प्रशांत द्विवेदी बैग में पैसा लेकर बाइक से थरवई जा रहे थे, तभी मम्फोर्डगंज में उनसे तीन लाख रुपये लूट लिए। लूट की रकम दिलीप को देकर रोडवेज बस में बैठा दिया और फिर साथियों के साथ पुष्पेंद्र बाइक पर शहर से फरार हो गया। इसी गैंग ने 17 दिसंबर 2020 को सिविल लाइंस स्थित एक्सिस बैंक से आठ लाख रुपये की टप्पेबाजी की थी। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में पुष्पेंंद्र की तस्वीर सामने आई थी। एसपी सिटी का कहना है कि जल्द ही गैंग के बाकी सदस्यों को भी दबोच लिया जाएगा तब और रकम बरामद होगी।