नरेंद्र गिरि सुसाइड केस में अब मुख्य आरोपी आनंद गिरि के वाइस सैंपल लेने की तैयारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि सुसाइड केस में अब मुख्य आरोपी आनंद गिरि के वाइस सैंपल लेने की तैयारी है। CBI (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) के ASP के एस नेगी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रयागराज के यहां बुधवार को इसके लिए अर्जी दी। इसमें CBI ने कहा कि आनंद गिरि की न्यायिक अभिरक्षा 12 नवंबर को खत्म हो रही है। इसलिए वाइस सैंपल लेने की जल्द इजाजत दी जाए। महंत नरेंद्र गिरि ने 20 सितंबर, 2021 को श्री मठ बाघंबरी गद्दी में सुसाइड कर लिया था। सुसाइड नोट में उन्होंने अपने शिष्य रहे आनंद गिरि, आद्या प्रसाद तिवारी और संदीप तिवारी को इसका जिम्मेदार ठहराया था।
21 सितंबर को गिरफ्तार हुए थे आनंद गिरि, आद्या तिवारी और संदीप तिवारी जार्जटाउन थाने की पुलिस ने 21 सितंबर को आनंद गिरि, आद्या प्रसाद तिवारी और संदीप तिवारी को गिरफ्तार किया था। इनको 22 सितंबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया गया था। इसके बाद CBI ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। अब इनकी न्यायिक अभिरक्षा की अवधि 12 नवंबर को खत्म हो रही है।

अब तक कई राउंड कर चुकी है पूछताछ

CBI की टीम ने आनंद गिरि, आद्या प्रसाद तिवारी व संदीप तिवारी से अब तक कई घंटे पूछताछ की है। आनंद गिरि को लेकर उनके हरिद्वार आश्रम भी ले गई थी। हालांकि अभी तक ठोस सुबूत नहीं मिले हैं। कानून के जानकारों की मानें, तो नरेंद्र गिरि ने सुसाइड करने से पहले नोट में लिखी बातों को बोलकर वीडियो रिकार्ड किया था। वही सबूत इन तीनों को सजा दिलाने के लिए काफी है। CBI को यह वीडियो नरेंद्र गिरि के मोबाइल फोन में मिला था।

Exit mobile version