मुक्त विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य केंद्र एवं कैंटीन का नवीनीकृत स्थल पर शुभारंभ

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में शनिवार को कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र एवं कैंटीन का नवीनीकृत स्थल पर शुभारंभ किया। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर विश्वविद्यालय कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत करने का निर्देश दिया एवं स्वास्थ्य संबंधी अन्य सुविधाओं को उपलब्ध कराने हेतु आर्थिक सहायता की घोषणा की। प्रोफेसर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य के तमाम क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ये बीमारियों की रोकथाम, इलाज तथा रोग मुक्ति में मदद करती है और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रसार भी करती है। कोरोना काल में स्वास्थ्य के प्रति लोगों में सजगता बढ़ी है। विश्वविद्यालय भी इस दिशा में बेहतर प्रयास कर रहा है। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी प्रोफेसर गिरिजा शंकर शुक्ल के निर्देशन में स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में बाह्य रोगी विभाग ओपीडी में मेडिसिन, गाइनीकोलॉजी, दंत रोग, नेत्र रोग एवं होम्योपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता रहेगी। साथ ही निदान, पैथोलॉजी कलेक्शन, ईसीजी तथा फिजियोथैरेपी की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
स्वास्थ्य केंद्र में आज कुलपति, निदेशकों तथा शिक्षकों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय के गंगा परिसर में नवीनीकृत कैंटीन का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने किया। इस अवसर पर अतिथिगृह/ कैंटीन के प्रभारी डॉ अभिषेक सिंह ने कुलपति का स्वागत किया तथा कैंटीन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। कैंटीन के नवीनीकृत होने से विश्वविद्यालय में आने वाले छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सुविधा होगी। इस अवसर पर प्रोफेसर ओम गुप्ता, प्रोफेसर जीएस शुक्ला, प्रोफ़ेसर सत्यपाल तिवारी, प्रोफेसर एस कुमार, प्रोफेसर रुचि बाजपेई, प्रोफेसर विनोद कुमार गुप्ता, प्रोफेसर छत्रसाल सिंह, कुलसचिव प्रो. पी. पी. दुबे, परीक्षा नियंत्रक डी.पी. सिंह एवं विश्वविद्यालय के सह आचार्य ,सहायक आचार्य एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version