
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
किसी भी गैर परंपरागत कार्यक्रम की नहीं दी है प्रशासन ने अनुमति
मथुरा (अनुराग दर्शन समाचार ) । छह दिसम्बर को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल है, वहीं जिला प्रशासन की तैयारियां धरातल पर हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पूरा खाका खींचा है। जिसमें सोशल मीडिया की पडतल के साथ्ज्ञ ही हर हर हलचल पर नजर है। आगरा रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा है। जिसमें चार एसपी, 10सीओ, 40 इंस्पेक्टर एसएचओ, 230 दरोगा, एक हजार सिपाही तथा 10 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की तैनात की जा रही है।आलाधिकारी लगातार सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। छह दिसम्बर को श्रीकृष्ण जन्मस्थान शाही ईदगाह पर कार्यक्रम करने की घोषणा की घोषणा कुछ संगठनों ने की थी। इसके बाद कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन से लिखित में अनुमति भी मांगी गई। जिला प्रशासन ने किसी गैर परंपरागरत कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। साथ ही जिस कार्यक्रम के लिए संगठन ने अनुमति मांगी थी उसे जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था के लिए खतरा माना है। आगामी दिनों की सुरक्षा व शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में आयुक्त आगरा मण्डल आगरा व पुलिस महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र आगरा द्वारा जिलाधिकारी मथुरा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा व पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी की गई एंव स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिये आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा अराजकता फैलाने वाले अराजक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखें तथा सोशल मीडिया पर भी कडी नजर रखते हुए अराजकता फैलाने वालों पर कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाए। वहीं जिला प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कुछ संगठनों ने अपनी ओर से घोषित कार्यक्रमों को वापस लेने की भी घोषणा कर दी है। पुलिस बल के साथ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं। एसएसपी डा.गौरव ग्रोवर ने बताया कि छह दिसंबर को पदयात्रा निकालने का आह्वान किया गया था। ऐसे सभी कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया है तथा उन लोगों ने भी अपने कार्यक्रम वापस लिए हैं, मेरी मथुरा की जनता से अपील है कि जैसे आप ने विगत दिनों में अमन और शांति बनाए रखी है। ऐसे ही आने वाले दिनों में भी अमन और शांति बनाए रखी जाएगी जो लोग माहौल खराब कर रहे हैं उनके खिलाफ तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक बयानबाजी शुरू
कुछ संगठनों की ओर से छह दिसम्बर को कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अनुमति मांगे जाने के बाद संगठनों की ओर से किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया सार्वजनिक तौर पर नहीं दी जा रही है। वहीं छह दिसम्बर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। जिससे आम लोगों का ध्यान इस ओर गया है।मथुरा शहर सहित आसपास के इलाकों में छह दिसम्बर को लेकर किसी तरह की कोई हलचल नहीं है।