
जालौन/उरई ( अनुराग दर्शन समाचार ) । सिद्धेश्वर सरकार दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर परिसर में होने वाले साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की शुरूआत गुरुवार को कलश यात्रा के साथ हुई। बैंड-बाजा व घोड़े के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों और मंदिरों से होकर मंदिर परिसर पहुंची।
मोहल्ला चुर्खीबाल में दक्षिणमुखी हनुमानजी मंदिर परिसर में गुरुवार से साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा की शुरूआत गुरुवार को कलश यात्रा के साथ हुई। मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष भक्त एकत्रित हुए। मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच यजमानों ने कलश का पूजन किया। बाद में 51 महिलाओं ने कलश में जल भरकर उसे श्रद्धा के साथ सिर पर रखा। भगवताचार्य के नेतृत्व में पीली साड़ी में महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए आगे बढ़ी तो भक्ति की बयार बहने लगी। बैंड बाजों की धुन पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रृद्धालु झूम रहे थे। वहीं, श्रृद्धालु ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो’ नारे लगाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा के पीछे रथ पर सवार होकर भगवताचार्य व दयामुनि महाराज चल रहे थे। कलश यात्रा, छोटी माता मंदिर, नाना महाराज मंदिर, से पानी की टंकी, तहसील रोड, सरस्वती मंदिर, काली माता मंदिर से देवनगर चैराहा होते हुए यज्ञ स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह था। कलश यात्रा और भक्तिगीतों के चलते पूरे नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा में दीपू कुशवाहा, बहादुर, श्लोक खैमरिया, सुभाष, भूपेश बाथम, पुजारी दयामुनि सहित वनखंडी देवी के पुजारी ब्रजेश तिवारी, आचार्य पं.महेश दुबे, निखिल कृष्ण शास्त्री, भूपेश बाथम, मंगल सिंह चैहान, चंद्रभान मिश्रा, राजकुमार बुधौलिया, रामू गुप्ता, रिंकू आदि भक्त मौजूद रहे।