Latest

स्वामी अवधेशानंद गिरि के सानिध्य में मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने पारदेश्वर महादेव मंदिर में महादेव का किया रुद्राभिषेक

स्वामी परमानंद महाराज ने मुख्यमंत्री को आदिगुरु शंकराचार्य का चित्र उपहार स्वरूप भेंट किया

हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार )। विश्व में भारत की पहचान भगवान श्रीराम से हैं और श्रीराम की कृपा, संत महापुरुषों के आशीर्वाद से देश इस समय विश्व गुरु बनने को अग्रसर है। भगवान राम की कृपा से अयोध्या में निर्मित हो रहा श्रीरामजन्म भूमि मंदिर विश्व दर्शनीय और विश्व वंदनीय होगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अखंड परमधाम के परमाध्यक्ष और श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य महामंडलेश्वर युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि से भेंट करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही। शुक्रवार को वह भूपतवाला स्थित अखंड परम धाम पहुंचे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान भी थीं। इससे पहले उन्होंने सुबह कनखल स्थित हरिहर आश्रम में श्रीपंचदशनाम जूना आखड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के सानिध्य में पारदेश्वर महादेव मंदिर में महादेव का रुद्राभिषेक करने के बाद आश्रम परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा। दोपहर बाद वह दिल्ली के रास्ते भोपाल लौट गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अखंड परम धाम में आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी परमानंद महाराज ने उन्हें आदिगुरु शंकराचार्य का चित्र उपहार स्वरूप भेंट किया। युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज ने कहा कि अयोध्या में निर्माणाधीन प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के लिए सभी को आगे आना चाहिए। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि महाराज ने कहा कि स्वामी परमानंद ने लंबे समय तक राममंदिर निर्माण के लिए आंदोलन किया, मंदिर निर्माण के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। इस अवसर पर स्वामी ज्योर्तिमयानंद गिरि, आचार्य मनीष जोशी, स्वामी सुरेश पुरी, स्वामी नत्थीनंद गिरि, स्वामी मोनू गिरि आदि भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button