
चैंपियन ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता आज से
(अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जय सेल्स वॉरियर्स ने प्रयाग जिमखाना को पांच विकेट से हराकर प्रयागराज टी-20 क्रिकेट लीग के फाइनल में जगह बना ली। विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल मैदान पर शनिवार को खेले गये पहले सेमीफाइनल में टॉस हारकर प्रयाग जिमखाना ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 150 रन बनाये। विनीत सिंह ने 41 और रितेश जायसवाल ने 25 रन का योगदान दिया। जय सेल्स वॉरियर्स के कलीम अख्तर, बृजेश यादव एवं कामेश द्विवेदी ने दो-दो तथा मो. नसर ने एक विकेट लिया। जवाब में जय सेल्स वॉरियर्स ने 16.5 ओवर में 5 विकेट पर 151 रन बना लिये। मो. नसर ने नाबाद 47, इमरोज ने 46 और कौशिक पाल ने 33 रन बनाये। प्रयाग जिमखाना के सुशील ओझा ने तीन एवं विपिन पांडेय व इश्तियाक अली ने एक-एक विकेट लिया। मो. नसर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
*गुलाम और यशार्थ ने डीएवी को जिताया*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गुलाम अली खान के अर्धशतक (81 रन, 53 गेंद, 14 चौके, एक छक्के) और यशार्थ वर्मा की उम्दा गेंदबाजी (5-0-13-4) की बदौलत डीएवी क्रिकेट अकादमी ने स्टेडियम ब्वायज को 56 रन से हराकर यश हॉस्पिटल ट्रॉफी अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे अंक जुटाये।
डीएवी कालेज मैदान पर शनिवार को खेले गये मैच में डीएवी अकादमी ने 25 ओवर में 7 विकेट पर 183 रन बनाये। गुलाम अली खान ने 81, हनी वर्मा ने 26 और मीजान आलम ने 21 रन बनाये। स्टेडियम ब्वायज के आयुष शुक्ल ने तीन विकेट लिया। जवाब में स्टेडियम ब्वायज की टीम 18.1 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। जैद ने 38 और विराट शुक्ल ने 29 रन बनाये। डीएवी के यशार्थ वर्मा ने चार और सुयश यादव ने तीन विकेट लिया।
*स्पोर्ट्स कोटे की भर्ती में फुटबाल एक्सपर्ट होंगे संजय*
(अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। एजी गुवाहाटी में 7 से 9 दिसंबर तक स्पोर्ट्स कोटे के तहत हो रही भर्ती के लिए भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) नई दिल्ली द्वारा एजीयूपी में कार्यरत संजय भट्टाचार्या को फुटबॉल एक्सपर्ट (चयनकर्ता) के रूप नियुक्त किया गया है।
संतोष ट्रॉफी फुटबालर रहे संजय नार्थ जोन और आल इंडिया भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा विभाग की फुटबॉल प्रतियोगिता में कई बार सीएजी के रेफरी के रूप में कार्य कर चुके हैं। संजय को एजीयूपी के कल्याण अधिकारी एचएल सिंह, वरिष्ठ लेखाधिकारी एसके शर्मा, कल्याण सहायक अरविंद सिंह, फुटबाल प्रशिक्षक शादाब रज़ा आदि ने बधाई दी है।
(अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । चैंपियन ट्रॉफी टी-20 चतुष्कोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार से डीएवी कालेज मैदान पर शुरू होगी। उद्घाटन मैच वंडर एकादश व महाकाल एकादश के मध्य होगा जबकि दूसरा मैच करीम डेंटल एकादश व एसीएस लीगल एकादश के मध्य होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन रेलवे बोर्ड सदस्य हरीश त्रिपाठी सुबह साढ़े आठ बजे करेंगे। यह जानकारी क्रिकेट कोच परवेज आलम ने दी है।