
इलाहाबाद। अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में शुक्रवार कोराहुल गांधी का भाषण के पाद पीएम नरेंद्र मोदी की घटना पूरे देश में सुर्खियों में बनी रही. राहुल का पीएम को गले लगाने और बाद में आंख मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हुआ. इसकी व्याख्या लोगों ने अपने तरीके से की, लेकिन अब इसपर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
अखिलेश ने जाने-माने उर्दू के शायर बशीर बद्र का शेर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से , ये नए मिज़ाज का शहर है ज़रा फ़ासले से मिला करो’. हालांकि उन्होने इस ट्वीट में शुक्रवार को लोकसभा में हुई घटना का कोई जिक्र नहीं किया, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने राहुल के पीएम को गले लगाने पर ही यह ट्वीट किया है.अखिलेश ने शाहजहांपुर में पीएम मोदी की किसान रैली पर निशाना साधते हुए कहा, “आज किसान रैली करने की जरूरत नहीं है, बल्कि सरकार को यह बताना चाहिए कि वे कैसे और कब किसानों को प्रस्तावित एमएसपी (अधिकतम बिक्री मूल्य) देने जा रहे हैं. साथ ही सरकार को जवाब देना चाहिए कि हमारे द्वारा प्रस्तावित बाजारों जैसे अनाज बाजार (अनाज मंडी), सब्जी बाजार (सब्जी मंडी) और ग्रेटर नोएडा का बाजार अभी तक क्यों नहीं बनाया गया है. किसान अभी भी कर्ज माफी के लिए इंतजार कर रहे हैं.”
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव की चर्चा के दौरान पीएम मोदी, बीजेपी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा औरअपने भाषण के बाद राहुल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनको गले लगा लिया. राहुल गांधी के इस तरह गले लगाने पर पीएम ने भी उनका हाथ पकड़ा और उन्हें बधाई दी.
राहुल गांधी ने कहा, “मैं बीजेपी के लिए पप्पू हो सकता हूं लेकिन मेरे दिल में उनके लिए हमेशा प्यार रहेगा. उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी और आरएसएस का आभारी हूं जिन्होंने मुझे धर्म सिखाया. इन लोगों ने मुझे हिन्दुस्तानी होने का मतलब समझाया. मैं इसी तरह उनसे प्यार करूंगा और उन्हें कांग्रेस की तरफ लाने की कोशिश करूंगा.”