कुंभ मेले के नाम पर निकाला करोड़ों का फर्जी टेंडर, ठगी का शिकार हुआ कारोबारी

नई दिल्‍ली। इलाहाबाद में अगले साल जनवरी में लगने वाले प्रयाग कुंभ मेले को लेकर योगी सरकार की जोरदार तैयारियों के बीच सक्रिय हुए जालसाजों ने पर्यटन विभाग के नाम पर फर्जी टेंडर निकालकर करोड़ों रुपये ठगने का मामला सामने आया है. मामला सामने आने के बाद पर्यटन विभाग ने गोमतीनगर थाने में जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.

बता दें कि यूपी पर्यटन विकास निगम की ओर से जालसाजों ने 2,727 करोड़ रुपये के फर्जी टेंडर निकाला और ठेका देने के नाम पर आवेदकों से करोड़ों रुपये भी वसूल लिए.

इसी कड़ी में दिल्ली के एक कारोबारी ने 444 करोड़ के टेंडर के लिए कारोबारी ने 2 करोड़ का ड्रॉफ्ट दिया था. कारोबारी को जब इसकी जानकारी हुए तो उसने प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी से मिलकर शिकायत दर्ज करायी. बताया जा रहा हैं कि कुंभ मेले के नाम पर इन ठगों ने गंगा नदी की धारा को मोड़ने के लिए भी टेंडर निकाल दिया था. जब आवेदकों ने पर्यटन विभाग से संपर्क किया तो पता चला कि ऐसा कोई टेंडर जारी ही नहीं हुआ.

डॉक्युमेंट्री मेकिंग, चादर और कंबलों की सप्लाई के नाम पर ठगी के शिकार लोगों ने शुक्रवार को पर्यटन महानिदेशक अवनीश अवस्थी से इसकी शिकायत की. विभाग के प्रबंध निदेशक संचालन अक्षय नागर ने गोमतीनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. दरअसल, कुंभ मेले को यादगार बनाने का पूरा दारोमदार पर्यटन विभाग पर है. कुंभ मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. उनके ठहरने की व्यवस्था से लेकर अन्य सुविधाओं के लिए निर्माण कार्य व सामान सप्लाई भी होनी है. इसी का फायदा उठाकर जालसाजों ने ठगी के लिए फर्जी टेंडर निकाला था.

Exit mobile version