
मुगलसराय। चंदौली जिले के मुगलसराय जीआरपी ने शुक्रवार की रात दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन से दो युवकों से दो करोड़ रुपये बरामद किए है. बताया जा रहा है कि दोनों युवक बांका से नकदी लेकर दिल्ली जा रहे थे.
जीआरपी ने रुपये और दोनों आरोपियों को इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया. फिलहाल इस मामले की जांच इनकम टैक्स विभाग कर रहा है. रुपये की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
जीआरपी के अधिकारियों के मुताबिक मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ट्रेनों में चेकिंग कर रही थी. पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में कुछ संदिग्ध बैग रखे हुए है. मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रेन के एसी कोच ए 1 में सीट नंबर पांच और छह पर बैग मिला.
बैग की तलाशी लेने पर पांच सौ और दो हजार रुपए की गड्डियां दिखी तो सीट पर बैठे दोनों युवकों को नीचे उतार लिया गया. पूछताछ में दोनों ने नाम बलबीर और विक्रम निवासी बांका बताया. पुलिस को दोनों युवकों ने बताया कि बैग में दो करोड़ के नोट हैं. बताया जा रहा है कि दोनों युवक महादेव इन्क्लेव इंटरप्राइजेज के कर्मचारी हैं, जो बालू और मोरंग खनन करती है. कंपनी के जीएम के निर्देश पर कैश लेकर दिल्ली किसी बैंक में जमा करने जा रहे थे.
जीआरपी की सूचना पर इनकम टैक्स विभाग के आईटी इन्वेस्टिगेशन हिमांशु कुमार और बृजेश कुमार जीआरपी थाने पहुंचे और कैश कब्जे में लेकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. आयकर विभाग की टीम ने बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस और इनकम टैक्स विभाग दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है. पुलिस हवाला कारोबार से जुड़े होने की भी जांच कर रही है.