
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों की दो दिन की हड़ताल गुरुवार से शुरू हो गई। हड़ताल के कारण बैंकों में ताले लटकते रहे। बैंक कर्मचारी रोज की भांति सुबह कार्यालय पहुंचे और निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद टोलियों में सिविल लाइंस स्थित इंडियन बैंक की मुख्य शाखा में सभा में शामिल होने चल पड़े। सुबह 11 बजे से इंडियन बैंक की मुख्या शाखा में बैंक अधिकारी और कर्मचारियों का जमावड़ा शुरू हो गया। बैंक कर्मचारियों के समर्थन में सीटू, एक्टू, बीमा निगम के कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचे। निजीकरण के विरोध के साथ कर्मचारियों की सभा शुरू हुई। बैंक कर्मचारी शुक्रवार को भी हड़ताल पर रहेंगे।