
(अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बॉलीवुड के कई कलाकार हॉलीवुड की उड़ान भर चुके हैं। ज्यादातर कलाकारों का सपना होता है कि उन्हें दुनियाभर में पहचान मिले। हॉलीवुड में एंट्री के बाद स्वाभाविक तौर पर कलाकारों की शोहरत और स्टारडम बढ़ जाती है। अब सुनने में आ रहा है कि चर्चित अभिनेत्री वामिका गब्बी ने हॉलीवुड की एक फिल्म साइन कर ली है। हालांकि, इस संबंध में अभिनेत्री वामिका ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वामिका बहुत जल्द एक हॉलीवुड फिल्म में नजर आने वाली हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट साइन कर लिया है। खबरों की मानें तो अपनी अंग्रेजी को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने अंग्रेजी सीखना शुरू कर दिया है। इसके लिए वह अंग्रेजी भाषा की कक्षाएं ले रही हैं। इस प्रोजेक्ट से जुडऩे से पहले वह अपना स्पीच और उच्चारण बेहतर करना चाहती हैं। वामिका ने कहा, हर एक भारतीय की तरह मेरी अंग्रेजी का मुख्य स्रोत हॉलीवुड फिल्में रही हैं। एक भारतीय के रूप में हम ज्यादातर हिंग्लिश में बातचीत करते हैं। यहां तक कि जब हम केवल अंग्रेजी का उपयोग करते हैं, तब भी हमारा उच्चारण पश्चिम से अलग होता है। उन्होंने आगे कहा, हालांकि, मैं एक निरंतर सीखने वाली लड़की हूं। स्पीच और उच्चारण को बेहतर बनाने के लिए डिक्शन कक्षाएं लेना एक शानदार तरीका है। वामिका पंजाबी, हिन्दी और तमिल फिल्मों में काम कर चुकी हैं। 2007 में आई करीना कपूर अभिनीत जब वी मेट में भी उन्हें देखा गया था। वामिका को पंजाबी फिल्मों में बड़ा ब्रेक अमरिंदर गिल और हनी सिंह अभिनीत तू मेरा 22 मैं तेरा 22 से मिला था। डिज्नी प्लस हॉटस्टार की वेब सीरीज ग्रहण से भी उन्हें अच्छी-खासी लोकप्रियता मिली। वह निरंतर अपने करियर में आगे बढ़ती चली जा रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी फॉलोइंग है।