
राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहेगी। राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के साथ ही नौ हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा आरएएफ और पीएसी के जवान भी जगह-जगह मुस्तैद नजर आएंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा थ्री लेयर में करने की बात कही जा रही है। आंतरिक सुरक्षा की पहली लेयर में एसपीजी कमांडो तैनात रहेंगे, जबकि दूसरी और तीसरी सुरक्षा लेयर में एटीएस के कमांडो, केंद्रीय खुफिया एजेंसी, सेंट्रल पैरामेलेट्री फोर्स के जवानों की तैनाती की जाएगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास बहुमंजिला इमारतों पर पुलिस फोर्स तैनात होगी। साथ ही दूरबीन और ड्रोन से आसमान से लेकर जमीन तक सुरक्षा पर नज़र रखी जाएगी। प्रधानमंत्री को देश विरोधी ताकतों से हमेशा खतरा रहता है। इसलिए सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए नौ हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जरूरी स्थानों अचूक निशानेबाज (स्नाइपर) तैनात किए जाएंगे। बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और एंटी सबोटाज की टीम भी कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहेगी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे एंट्री प्वांइट पर मुस्तैदी से डटे रहेंगे। अधिकांश एंट्री प्वांइट पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही हैं। माचिस, किसी तरह का ज्वलनशील पदार्थ, काला कपड़ा न ले जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सभी महिलाओं को निर्धारित स्थानों पर बैठाया जाए। इसमें किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।