Parliament Live: लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने वाला विधेयक लोकसभा में हुआ पेश

Parliament Live:  लोकसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित विपक्ष के भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

शादी की उम्र बढ़ाने वाले विधेयक पर असदुद्दीन ओवैसी ने जताई नाराजगी
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह अनुच्छेद 19 के तहत स्वतंत्रता के अधिकार के खिलाफ है। 18 साल का बच्चा पीएम चुन सकता है, लिव-इन रिलेशनशिप में रह सकता है लेकिन आप शादी के अधिकार से इनकार कर रहे हैं। आपने 18 साल के बच्चे के लिए क्या किया है? भारत में महिला श्रम शक्ति की भागीदारी सोमालिया से भी कम है।

लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाकर 21 साल करने वाला विधेयक लोकसभा में पेश
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री, स्मृति ईरानी ने लोकसभा में बाल विवाह निषेध (संशोधन) विधेयक, 2021 पेश किया। इस विधेयक में लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 साल करने का प्रावधान है।

लखीमपुर हिंसा के विरोध में राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने निकाला मार्च
राज्यसभा में 12 सांसदों के निलंबन एवं लखीमपुर हिंसा के विरोध में राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने आज संसद से लेकर विजय चौक तक मार्च निकाला। इस दौरान राहुल गांधी मीडिया से भी मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट में हत्यारा बैठा है। उन्होंने कहा कि पीएम अपने मंत्री पर कार्रवाई नहीं करते हैं। राहुल ने कहा कि कैबिनेट में बैठे एक मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचला है।

लोकसभा की कार्यवाही भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित
विपक्ष के भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित
संसद में सोमवार को आयोजित हुई राज्यसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बहिष्कार के मुद्दे को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित हुई।

भाजपा संसदीय दल की बैठक समाप्त, अर्जुन राम मेघवाल ने दी प्रतिक्रिया
भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भाजपा संसदीय दल की शीतकालीन सत्र की ये साप्ताहिक बैठक थी। किरण रिजिजू ने अपना एक प्रेजेंटेशन दिया कि कल पास हुए चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक की देश को क्यों जरूरत थी।

विपक्षी नेताओं ने भी की बैठक
संसद में  सरकार को घेरने के लिए विपक्षी नेताओं ने भी आज बैठक की। बैठक में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने दिया स्थगन प्रस्ताव नोटिस
लखीमपुर खीरी कांड पर कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने लोकसभा में दिया स्थगन प्रस्ताव नोटिस। उन्होंने इस मामले में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के तत्काल इस्तीफे की भी मांग की है।

भाजपा की संसदीय दल की बैठक शुरू
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संसदीय दल की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में कई अहम मुद्दे पर चर्चा होगी। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

भाजपा की संसदीय दल की बैठक आज
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)  आज यानी मंगलवार को अपने संसदीय दल की बैठक करेगी। इस बैठक में कई अहम मुद्दे पर चर्चा होगी। इसके अलावा भाजपा ने तीन लाइन का व्हिप जारी कर अपने लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए कहा है।

संसद Live: लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने वाला विधेयक लोकसभा में हुआ पेश
संसद के शीतकालीन सत्र के समाप्त होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में केंद्र की मोदी सरकार बचे हुए विधेयक को जल्द से जल्द पास करवाना चाहती है। लेकिन विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है। इस बीच आज यानी मंगलवार को मतदाता सूची में दोहराव और फर्जी मतदान को रोकने से संबंधित चुनाव सुधार (संशोधन) विधेयक 2021 को राज्यसभा में पेश किया जाएगा। बता दें कि लोकसभा इस विधेयक को सोमवार को पारित कर चुकी है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्यसभा में सरकार का समर्थन मजबूत करने के लिए अपने सदस्यों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को तीन लाइन का व्हिप जारी किया।

 

Exit mobile version