शहर के बार में मिलेगी ताजी बीयर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । जल्द ही शहर के बीयर बारों में ऑनडिमांड ताजी बीयर पीने के लिए मिलेगी। आबकारी विभाग की इस व्यवस्था पर जिले के दो बार संचालकों ने आवेदन किया है। जल्द ही इन स्थानों में प्लांट लगाया जाएगा। इसके बाद मौके पर ही बीयर बनाने का लाइसेंस मिल जाएगा। आबकारी विभाग के अफसर कहते हैं कि शराब जितनी पुरानी होती है उतनी अच्छी मानी जाती है। जबकि बीयर जितनी ताजी होती है उतनी अच्छी मानी जाती है। इसके लिए आबकारी विभाग ने व्यवस्था कर रखी है, लेकिन प्रदेश के चुनिंदा जिलों में ही इसके लिए लाइसेंस लिया गया है। लखनऊ, आगरा, गाजियाबाद आदि जिलों में कुल 12 लाइसेंस लिए गए हैं। प्रयागराज में अब तक इसके लिए आवेदन नहीं किया गया था, पहली बार दो लोग सामने आए हैं। ताजी बीयर के लिए माइक्रो ब्रिवरी प्लांट लगाना होता है। 50 लाख रुपये का छोटा प्लांट होता है, जबकि 90 लाख रुपये का बड़ा प्लांट होता है। बार संचालक अपने यहां की जरूरत के अनुसार प्लांट लगा सकते हैं।
माइक्रो ब्रिवरी प्लांट लगाने के लिए कुछ नियम व शर्तें भी हैं। इसके लिए दो लाख रुपये की वार्षिक लाइसेंस फीस निर्धारित है। प्रति लीटर 60 रुपये सरकार शुल्क लेगी। जिस बार को लाइसेंस दिया जाएगा, उसमें 250 स्क्वायर फीट जगह अनिवार्य है। जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग की ओर से यह व्यवस्था काफी पहले से है। प्रदेश में इसे लेकर जागरूकता की कमी रही। बड़े शहरों में लोगों ने लाइसेंस लिए हैं। अब प्रयागराज में पहली बार लोग इसके लिए संपर्क कर रहे हैं।




