
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में 26 जुलाई से रुक-रुक कर हो रहीबारिश के चलते लखनऊ के डीएम ने मंगलवार को स्कूलों में छुट्टी कर दी है. 12वीं तक के स्कूल मंगलवार को बंद रहेंगे. डीएम कौशल राज शर्मा ने अपने आदेश में कहा है कि मौसम विभाग ने मंगलवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई है. बताया जा रहा है कि बारिश के कारण स्कूली बच्चों को हुई दिक्कत को देखते हुए लिया गया है. डीएम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह निर्णय यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड समेत सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा. वहीं यूपी के कई जिलों में आज स्कूल बंद होने की सूचना है.
उधर सोमवार सुबह बारिश से लखनऊ शहर भी पानी-पानी हो गया. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है. यहां वीवीआईपी इलाकों में भी पानी बंगलों में घुस गया है. वहीं लगातार हो रही बारिश से सड़कों पर भी पानी भर गया है. नगर निगम के सारे दावे फेल हो गए हैं. जानकारी के अनुसार लखनऊ के गोमती नगर सहित इंदिरा नगर, चिनहट, हज़रतगंज जैसे इलाकों भारी जल भराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बता दें कि प्रदेश में 26 जुलाई से रुक-रुक कर हो रही बारिश कई जिलों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से विभिन्न जिलों में 80 लोगों की जान चली गई. वहीं 84 लोगों के घायल होने की सूचना है. इसके अलावा सरकारी रिपोर्ट के अनुसार कुल 44 पशुहानि हुई है, वहीं 451 कच्चे-पक्के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. इस कहर में सहारनपुर में सबसे ज्यादा 11 लोगों की मौत हो गई, वहीं मेरठ में 9 लोगों की मौत की खबर है. वहीं आगरा में 6 लोगों की मौत हो गई.