दरोगा भर्ती परीक्षा में धांधली की सीबीआई जांच के बालसन पर घंटों चला प्रदर्शन

भाजपा हराओ अभियान में दरोगा भर्ती सीबीआई जांच का मुद्दा शामिल-युवा मंच

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। दरोगा भर्ती धांधली की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज सैकड़ों युवाओं ने सड़क पर उतर कर बालसन चौराहे पर घंटों प्रदर्शन किया। युवा मंच के बैनर तले हुए प्रदर्शन में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में मांग की गई कि यूपी एसआई 2021 आनलाईन परीक्षा में अभूतपूर्व धांधली की समयबद्ध सीबीआई जांच हो, जांच में धांधली की पुष्टि होने पर पुनर्परीक्षा और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों समेत लोगों के विरुद्ध कठोर सजा दिलाई जाये जिससे नकल माफियाओं पर अंकुश लगाया जा सके। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और नकल माफियाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए इन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोश लोगों को चिंहित कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्यवाही की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि दरोगा भर्ती परीक्षा में धांधली के पहले के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक जो सूचनाएं व जानकारी प्राप्त है। उसके अभ्यर्थियों का आरोप है कि 160 प्रश्नों में हजारों अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने 140 से अधिक प्रश्नों को सही हल किया है, प्रश्नों के स्तर को देखते हुए ऐसा मुमकिन नहीं है। ऐसे अनगिनत अभ्यर्थी हैं जिनके शैक्षणिक रिकॉर्ड से लेकर अन्य परीक्षाओं में बेहद औसत दर्जे के मार्क्स अर्जित किया है लेकिन इस परीक्षा में शीर्ष पर काबिज हैं। लेकिन इतने गंभीर आरोपों की सरकार अथवा पुलिस प्रोन्नति एवं भर्ती बोर्ड द्वारा न तो जांच कराई गई और न ही इन गंभीर आरोपों का खंडन किया गया। ऐसे में परीक्षा संस्था और पुलिस प्रोन्नति एवं भर्ती बोर्ड की भूमिका ही संदिग्ध व कटघरे में है और इसीलिए इनकी मिलीभगत से धांधली के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके इसके लिए सीबीआई जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अपात्रों का चयन नहीं होने दिया जायेगा, सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष तेज किया जायेगा। कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद भी पात्र अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की जंग जारी रहेगी।
दरोगा भर्ती में धांधली की सीबीआई जांच के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे युवा मंच संयोजक राजेश सचान ने कहा कि योगी सरकार चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बहाल करने और भ्रष्टाचार-भाईभतीजावाद को खत्म करने का प्रोपेगैंडा कर रही है लेकिन सच्चाई यह है कि चयन प्रक्रिया में धांधली, भ्रष्टाचार-भाईभतीजावाद के मामले योगी सरकार ने रिकार्ड कायम किया है, ऐसी कोई परीक्षा इन 4.5 सालों में नहीं हुई है जिसमें पेपर लीक, धांधली और परीक्षा संस्थाओं की मिलीभगत के गंभीर आरोप न लगे हों। हालात इतने बदतर हैं कि लोक सेवा आयोग की परीक्षा नियंत्रक तक को जेल जाना पड़ा। लेकिन बेशर्मी के साथ योगी सरकार चयन प्रक्रिया को भ्रष्टाचार-भाईभतीजावाद मुक्त का दावा कर रही है। कहा कि दरोगा भर्ती में धांधली की सीबीआई जांच समेत चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे को 28 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित युवा पंचायत और रोजगार आंदोलन में मजबूती से उठाया गया है, इसके अलावा भाजपा हराओ और रोजगार के सवाल को चुनावीं मुद्दा बनाने के लिए शुरू होने वाले अभियान में भी इसे शामिल किया गया है। जल्द ही इस अभियान की रूपरेखा तैयार करने के लिए मीटिंग बुलाई जायेगी। प्रदर्शन के दौरान युवा मंच के पंकज पांडेय, सीएमपी डिग्री कालेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष करन सिंह परिहार, छात्र नेता चंद्र शेखर अधिकारी व अमित द्विवेदी आजाद, नितेश सिंह, संजय सिंह, राहुल यादव, अभिषेक सिंह, नीरज यादव, राज शुक्ला, विपिन कुमार यादव, अनिल यादव, परिमल सिंह, शशिकांत सिंह, राम प्रवेश समेत भारी संख्या में युवा शामिल रहे।

Exit mobile version