
(अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। अभिनेत्री शर्वरी वाघ पिछले कुछ समय से अपनी पेशेवर जिंदगी से कहीं ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। बॉलीवुड गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि शरवरी अभिनेता सनी कौशल को डेट कर रही हैं। दोनों के बीच बढ़तीं नजदीकियों से गपशप गली गुलजार है। हाल ही में जब शर्वरी से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने अपने इस रिश्ते को दोस्ती का नाम दिया। शर्वरी ने कहा, हमने वेब सीरीज द फॉरगॉटन आर्मी में साथ काम किया था। यह चार साल पुरानी बात है। पहली बार इसी सीरीज के जरिए हम मिले और एक-दूसरे के बहुत अच्छे दोस्त बन गए। इन चार सालों में हमारी दोस्ती बरकरार रही। उन्होंने कहा, सीरीज के निर्माता कबीर खान सर के साथ भी मेरी अच्छा तालमेल है। सनी के साथ मेरे अफेयर की बात महज अफवाह है। इससे ज्यादा और कुछ नहीं। शर्वरी ने आगे कहा, जब आप अच्छे और करीबी दोस्त बनाते हैं तो आपकी दोस्ती जगजाहिर होती हैं और फिर अफेयर की अफवाहें उड़ती ही हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप जीना छोड़ दें या साथ छोड़ दें। उन्होंने कहा, जो इंडस्ट्री में मैंने दोस्त बनाए हैं, वो हमेशा रहेंगे और उनके साथ मैं हमेशा खड़ी रहूंगी। अब शर्वरी कुछ भी कहती रहें, लेकिन सूत्र बताते हैं कि दोनों के बीच रिश्ता दोस्ती से बढ़कर है। रिपोर्ट में कहा गया था कि सनी कौशल अभिनेत्री शर्वरी वाघ को डेट कर रहे हैं। दोनों की डेटिंग की खबरों ने और जोर तब पकड़ा था, जब शर्वरी, सनी की फिल्म शिद्दत की स्पेशल स्क्रीनिंग में उनके साथ पहुंची थीं। उन्होंने फिल्म का खूब प्रचार किया था और दोनों ने खुशी-खुशी मीडिया को पोज भी दिए थे। सनी के बड़े भाई विक्की कौशल की शादी में भी शर्वरी ने शिरकत की थी। सनी ने इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत 2010 में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर की थी। बाद में उन्होंने सनशाइन म्यूजिक टूर्स एंड ट्रैवल से एक्टिंंग डेब्यू किया। इसके बाद उन्हें फिल्म गोल्ड में देखा गया। शिद्दत में उनके काम की काफी तारीफ हुई।
शर्वरी पेशे से एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने द फॉरगॉटन आर्मी से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। शर्वरी ने महज 16 साल की उम्र में अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत कर दी थी। 2013 में जब वह कॉलेज में थीं, तभी उन्होंने क्लीन एंड क्लीयर फ्रेश फेस कॉन्टेस्ट भी जीता था। बॉलीवुड में शर्वरी ने एक असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर कदम रखा। उन्होंने बतौर एक्ट्रेस फिल्म बंटी और बबली 2 से बॉलीवुड में कदम रखा है।