
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से युवा हुनरमंद हो रहे हैं। यदि युवा किसी भी क्षेत्र में विशेषज्ञता व कौशल रखता है तो रोजगार के लिये पर्याप्त अवसर हैं।
यह बातें महापौर अभिलाषा गुप्ता “नन्दी” ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो प्रयागराज द्वारा सोमवार को ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कालेज रसूलाबाद तेलियरगंज में आयोजित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जन जागरूकता कार्यक्रम में कही। उन्होंने कठपुतली कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह हमारी परम्पराएं हैं और इनकी सुरक्षा करना हमारा कर्तव्य है। ये कलाएं केवल मनोरंजन ही नहीं करती बल्कि हमारे ज्ञान में नयी वृद्धि करने का भी कार्य करती हैं। इस विधा को आगे बढ़ाने के लिए हम सबको मिल-जुल कर कार्य करना होगा।
क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो प्रयागराज के उप निदेशक आरिफ हुसैन रिजवी ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। जिसे जुलाई 2015 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य ऐसे लोगों को रोजगार मुहैया कराना है जो कम पढ़े-लिखे हैं या बीच में स्कूल छोड़ देते हैं। ऐसे युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई थी। पूर्व संयुक्त निदेशक सुनील कुमार शुक्ल ने विभिन्न योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि रोजगार के लिए केवल विज्ञापन देखना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए बल्कि हर विधा का ज्ञान होना आवश्यक है। आज जो बच्चे यहां मौजूद है वे विभिन्न वक्ताओं की बातें सुनकर उनका लाभ भविष्य में अवश्य उठाएंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य देश में सभी युवा वर्ग को संगठित करके उनके कौशल को निखार कर उनकी योग्तानुसार रोजगार देना है। उन्होंने कहा कि स्कूल के माध्यम से बेहतर शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार की दिशा में पहुंचाने के निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। स्कीम के तहत ऐसे लोगों की स्किल को डेवलप कर उनकी योग्यता के मुताबिक उन्हें काम पर लगाना था। इसके तहत नौजवानों को लोन की सुविधा भी दी जाती है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। इसके लिए तीन, 6 माह और एक साल के लिए रजिस्ट्रेशन किया जाता है। कोर्स के समाप्त होने के बाद सर्टिफिकेट दिया जाता है, जो देश भर में मान्य होता है। कौशल विकास मिशन की एमआईएस प्रबन्धक निधि सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पहले वर्ष में 24 लाख युवाओं को शामिल किया जाएगा। इसके बाद 2022 तक यह संख्या 40.2 करोड़ ले जाने की योजना है। जन कल्याण शिक्षण संस्थान के निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि यदि कालेज चाहे वे इसके लिए 25 विद्यार्थियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था कर सकते हैं। इस प्रशिक्षण के लिए किसी भी विद्यार्थी से शुल्क नहीं लिया जायेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक राम मूरत के सहयोग से आयोजित निबन्ध, चित्रकला प्रतियोगिता व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के कुल 20 विजेताओं को विभाग की ओर पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो, लखनऊ के हरविन्द कुमार यादव एण्ड पार्टी व सतरंजय कठपुतली दल के कलाकारों द्वारा संदेशमूलक व रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत कर जानकारी दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं, अध्यापकों को योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर प्रबन्धक शरद कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य धनंजय पाण्डेय, संजीव चतुर्वेदी, अमित वर्मा, प्रमोद द्विवेदी, दीपक मिश्र, रीता विश्वकर्मा आदि प्रमुख लोक उपस्थित रहे।