
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए मंगलवार को जिले के छह सरकारी अस्पतालों में तैयारियों का जायजा लेने के लिए फुल रिहर्सल किया गया। रिहर्सल के दौरान ऑक्सीजन प्लांट को चालू कराने के अलावा एंबुलेंस व मरीजों को भर्ती करने संबंधित सभी व्यवस्था को विभागीय अधिकारियों ने देखा। स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में एडिशनल सीएमओ डॉ. महानंद व डॉ. आरसी पांडेय नेतृत्व में रिहर्सल किया गया। ऑक्सीजन प्लांट को चालू करके आपूर्ति के बारे में जानकारी ली गई। डमी मरीज को भर्ती करके ऑक्सीजन देने के साथ इलाज भी किया गया। इसी तरह बेली में भी विभागीय अधिकारियों ने व्यवस्था को परखा। ग्रामीण इलाकों की बात करें तो रामनगर मांडा, फूलपुर व कोटवा बनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी फुल रिहर्सल किया गया।