बीएसपी के मुख्य सेक्टर प्रभारियों का पुतला दहन तीसरे दिन भी रहा जारी

 

बारा, सोरांव, फाफामऊ तथा शहर पश्चिमी विधानसभा में हुआ पुतला दहन

बसपा को भारी पड़ सकता है यह विरोध

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । अनुशासन के नाम से अपनी विशेष पहचान वाली बहुजन समाज पार्टी में मुख्य सेक्टर प्रभारियों के प्रति इतना आक्रोश बढ़ा हुआ है कि गुरुवार से जारी पुतला दहन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को शहर पश्चिमी विधानसभा के पुरामुफ्ती, भगवतपुर, सोरांव विधानसभा के सराय बाहर, फाफामऊ विधानसभा के पूरनतारा तथा बारा विधानसभा के कौंधियारा में प्रयागराज मण्डल के मुख्य सेक्टर प्रभारियों में डॉ. अशोक सिद्धार्थ, राजू गौतम और गुलाब चमार के विरुद्ध जमकर नारे बाजी करते हुए उनके पुतले फूंककर आग के हवाले कर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य सेक्टर प्रभारियों को हटाने की मांग बसपा प्रमुख बहन मायावती से करते नजर आए। मजेदार बात यह है कि इस विरोध कार्यक्रम में कोई नेता सामने नही दिख रहा है अपितु कट्टर बसपा समर्थक अनुयायी सामान्य जनता मुख्य सेक्टर प्रभारियों के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध दर्ज कर रही है। इस संदर्भ में जिलाध्यक्ष बाबूलाल भवरां से जानकारी चाही गयी तो श्री भवरां ने कहा कि मेरे संज्ञान में पुतला दहन की जानकारी नही है। बसपा के बढ़ते प्रभाव से विपक्षियों की चाल हो सकती है। उन्होंने कहा कि बसपा में कोई गुटबाजी नही है। जब उनसे यह पूछा गया कि 24 दिसम्बर को राष्ट्रीय महासचिव की जनसभा में व्यवधान डालने वाले को मुख्य सेक्टर प्रभारी कैसे बनाया गया तो बसपा जिलाध्यक्ष श्री भवरां ने कोई उत्तर नही दिया। फिलहाल देखना होगा कि कही यह विरोध आने वाले विधानसभा चुनाव-2022 में बीएसपी के लिए भारी न पड़ जाए। भगवतपुर में हुबलाल, रामनरेश, भोला, पुरामुफ्ती में रजत, लोकनाथ, साहिल सिंह, सराय बाहर में राजेश, राजकुमार, वेरेन्द्र, फाफामऊ में राकेश,राजेश, बारा कौंधियारा में सुरेंद्र, रामचन्द्र, नरेश के नेतृत्व में पुतला फूंका गया।

Exit mobile version